PM Modi's visit to Karnataka
File Photo

    Loading

    हुबली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को कर्नाटक (Karnataka) के हुबली (Hubali) में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव (National Youth Festival) का उद्घाटन किया। इस वर्ष, राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन 12 से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुबली में कर्नाटक सरकार के सहयोग से केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आज अमृत काल में हमें अपने कर्तव्यों पर बल देते हुए और समझते हुए देश को आगे बढ़ाना है। इसके लिए युवाओं में स्वामी विवेकानंद से बड़ी प्रेरणा है। मैं इस अवसर पर उन्हें नमन करता हूं।” उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानंद में अपने जीवनकाल में कर्नाटक की बहुत यात्राएं की थी। इन यात्राओं ने उनके जीवन में बहुत मदद की थी। मैसूर के महाराजा ने स्वामी जी की शिकागो यात्रा में उनकी बहुत मदद की थी। “उठो, जागो और लक्ष्य से पहले मत रुको” – विवेकानंद जी का ये उद्घोष, भारत के युवाओं का जीवन मंत्र है।”

    पीएम मोदी ने कहा, “भारत के हर हिस्से में हमारे युवाओं की प्रतिभा और क्षमता के अविश्वसनीय उदाहरण हैं। आज भी, गणित से लेकर विज्ञान तक, जब वैश्विक मंचों पर प्रतियोगिताएं होती हैं, तो भारतीय युवाओं की प्रतिभा दुनिया को चकित करती है।” 

    उन्होंने कहा, “युवा शक्ति भारत की यात्रा की प्रेरक शक्ति है। अगले 25 साल राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण हैं। युवा शक्ति के सपने भारत की दिशा तय करते हैं। युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती हैं। युवा शक्ति का जुनून भारत की शक्ति तय करता है। आज गांव हो, शहर हो या हो कस्बा, हर जगह युवाओं का जज़्बा उफ़ान पर है।

    पीएम मोदी ने कहा, “हर मिशन के लिए बुनियाद की ज़रूरत होती है, चाहे अर्थव्यवस्था हो या शिक्षा, खेल हो या स्टार्ट अप, कौशल विकास हो या डिजिटलाइजेशन हर क्षेत्र में एक मज़बूत बुनियाद पिछले 8-9 साल में रखी गई है, आपकी उड़ान के लिए रनवे तैयार है।” उन्होंने कहा, भारत की महिलाएं आज लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। सेना में जुझारू भूमिकाएं निभा रही हैं। विज्ञान-प्रोद्योगिकी, अंतरिक्ष, खेल, ऐसे हर क्षेत्र में महिलाएं बुलंदियां छू रही हैं। ये उद्घोष है कि भारत अब पूरी शक्ति से अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है।”

    पीएम मोदी ने कहा, “युवा शक्ति का दोहन करने के लिए हमें अपने विचारों से युवा होना होगा। युवा होना हमारे प्रयासों में गतिशील होना है। युवा होना हमारे परिप्रेक्ष्य में मनोरम होना है। युवा होना व्यावहारिक होना है। अगर दुनिया समाधान के लिए हमारी ओर देखती है, तो यह हमारी अमृत पीढ़ी के समर्पण के कारण है।”

    भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर पीएम मोदी ने कहा, “आज हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हमारा लक्ष्य इसे दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में ले जाना है। देश की यह आर्थिक वृद्धि हमारे युवाओं के लिए अपार अवसर लाएगी।” उन्होंने कहा, “आज, हम कृषि में अग्रणी वैश्विक शक्ति हैं। कृषि क्षेत्र में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन से एक नई क्रांति आने वाली है। यह युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा, नई ऊंचाइयों को छूने का एक नया मार्ग प्रशस्त करेगा।”

    पीएम मोदी ने आगे कहा, “खेलों में भी भारत बड़ी वैश्विक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह भारत के युवाओं की क्षमता के कारण संभव हो रहा है।”

    उद्घाटन कार्यक्रम यहां के रेलवे खेल मैदान में हुआ, जिसमें कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित अन्य नेता उपस्थित थे। राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने से ठीक पहले मोदी ने यहां एक रोड शो भी किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर कतारों में खड़े लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपनी चलती कार के ‘रनिंग बोर्ड’ पर खड़े होकर मोदी ने भीड़ की ओर हाथ हिलाया ओर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।