PINK BOOTH IN up

    Loading

    -राजेश मिश्र

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Yogi Government) अपने चुनावी वादे के मुताबिक महिला सुरक्षा (Women Safety) के लिए विशेष कदम उठाने जा रही हैं।  प्रदेश में धार्मिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बूथ स्थापित (Police Booth) किए जाएंगे। महिला सुरक्षा के लिए पुलिस को लैस करने के मद्देनजर प्रदेश सरकार 500 करोड़ रुपए खर्च करेगी। पिंक बूथ (Pink Booth) के नाम से खास महिलाओं के लिए बनने वाले इन चौकियों पर केवल महिला पुलिस की ही तैनाती होगी। पुलिसिंग में महिला बीट प्रणाली को कारगर बनाने के लिए प्रदेश सरकार 10,417 स्कूटी खरीदेगी। इन स्कूटी पर सवार महिला पुलिस पेट्रोलिंग करेंगी और महिलाओं के साथ किसी भी वारदात होने की दशा में पहुंचेंगी। गृह विभाग के अधिकारियों के साथ हुई एक बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा को लेकर विशेष कदम उठाने के कहा है। 

    मुख्यमंत्री के निर्देशों के मुताबिक, प्रदेश भर में महिलाओं की सुरक्षा के लए 3,000 पिंक बूथ स्थापित किए जाएंगे। इस योजना के तहत सरकार प्रदेश के हर जिले में 40 पुलिस पिंक बूथ भी खोलेगी। इस तरह प्रदेश के 75 जिलों में कुल तीन हजार पुलिस पिंक बूथ स्थापित किए जाएंगे। इनमें 20 पिंक बूथ संबंधित जिलों में पड़ने वाले धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर खोले जाएंगे।  इन बूथों पर तैनात होने वाली महिला पुलिस कर्मियों की पेट्रोलिंग के लिए प्रत्येक जिले के बूथों के हिसाब से 20 स्कूटी भी खरीदी जाएगी। इस पूरी योजना के लिए सरकार 195 करोड़ रुपए से ज्यादा पूंजीगत व्यय करेगी। वहीं योजना के संचालन व्यय पर 297 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। 

    पहले यहां खुलेंगे पिंक बूथ

    प्रदेश सरकार की योजना के मुताबिक, सबसे पहले मथुरा में कृष्ण जन्म भूमि, गोवर्धन मंदिर, वृंदावन बांके बिहार मंदिर और इस्कॉन मंदिर में पिंक बूथ खोले जाएंगे। इसके साथ ही वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम, बीएचयू  परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर, दुर्गा कुंड, संकट मोचन,सारनाथ और अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि स्थल, हनुमान गढ़ी और कनक भवन में पिंक बूथ स्थापित होंगे। इसी तरह से प्रयागराज के अलोपी देवी मंदिर और बड़े हनुमान जी मंदिर, चित्रकूट के रामघाट और कामदगिरी के साथ मिर्जापुर के विंध्यवासिनी मंदिर और बलरामपुर स्थित देवी पाटन मंदिर में पिंक बूथों की स्थापना होगी। आगरा के राधास्वामी मंदिर और गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में भी यह बूथ खोले जाएंगे। गौरतलब है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रदेश के हर जनपद में पुलिस पिंक बूथ खोलने का वायदा किया था।