Yogi Adityanath
योगी आदित्यनाथ (File Photo)

Loading

कठुआ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में उनके सात वर्ष के कार्यकाल में न तो कोई दंगा हुआ और न ही कर्फ्यू लगा जबकि राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों ने उन लोगों को प्रश्रय दिया जो अराजकता फैलाते थे। उधमपुर-कठुआ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार जितेंद्र सिंह के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने के लिए मौजूदा सांसद को श्रेय दिया और लोगों से भाजपा को वोट देने का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत की प्रगति का आधुनिक वास्तुकार बताया और देश की उपलब्धियों का श्रेय उनके नेतृत्व को दिया।

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘पिछली सरकारों के संरक्षण के कारण उत्तर प्रदेश में अराजकता थी और दंगे होने और कर्फ्यू लगना एक नियमित मामला था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मेरे सात वर्ष के कार्यकाल के दौरान न कोई दंगा हुआ न कर्फ्यू लगा।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वार्षिक ‘कावड़ यात्रा’ स्वतंत्र माहौल में होती है और उप्र देश का पहला राज्य है जहां धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटा दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग शांति और विकास चाहते हैं।

आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या, मथुरा और वृंदावन इस बात के मॉडल हैं कि आस्था का सम्मान कैसे किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से विशेष रूप से अयोध्या जाने के लिए कहा, जहां 22 जनवरी को प्रधामंत्री मोदी ने एक भव्य राममंदिर का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों में ‘सुरक्षा की भावना’ है और अगर कोई कोई शरारत करता है तो उस व्यक्ति पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। आदित्यनाथ ने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद से राज्य में हुए बदलावों पर प्रकाश डाला और कहा कि पहले हिंदू अपनी मान्यताओं और विरासत को अपनाने में झिझकते थे, लेकिन यह बदल गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लोग खुद को हिंदू कहने में झिझकते थे। वे अयोध्या का नाम लेने से डरते थे। जब मैं 2017 में मुख्यमंत्री बना, तो लोगों ने मेरी अयोध्या यात्रा पर सवाल उठाया। मुझे बताया गया कि कुछ वर्ग नाराज हो सकते हैं, लेकिन हमने वहां उत्सव आयोजित किए।” आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘अगर एक अच्छी सरकार बनती है, तो 500 वर्ष की प्रतीक्षा समाप्त हो जाती है। आज अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर बनाया गया है। क्या कांग्रेस ऐसा कर सकती थी? कांग्रेस कहती थी कि न राम हैं, न कृष्ण हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जो संयोगवश हिंदू थे, वे राम और कृष्ण के अस्तित्व पर प्रश्न उठाते थे। यह हमारी आस्था का सबसे बड़ा अपमान था।” मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ‘मजबूत’ करने और भारत को विकास की नयी ऊंचाई पर ले जाने के लिए मोदी सरकार को श्रेय दिया, जिससे देश-दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा। आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘डॉ. जितेंद्र सिंह को वोट देना महत्वपूर्ण है जो तीसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले 10 वर्ष के दौरान किये गये विकास कार्यों के आधार पर मोदी ने भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए लोगों से जानदेश मांगा है।”