इस देश में मुर्गों के लिए बना खास कानून, गला फाड़कर चिल्लाने पर नहीं है कोई रोक

Loading

नवभारत डिजिटल डेस्क: बदलते वक्त के साथ कई चीजें बहुत तेजी से बदल रही हैं। एक समय था जब हम पक्षियों की चहचहाहट और मुर्गे की बांग से बता देते थे कि सुबह हो गई है। मुर्गे (Cock) की बांग (Craw) ऐसी होती थी कि लोग घर के अंदर होते हुए भी जाग जाते थे। उसके बाद लोग अपनी दिनचर्या शुरू करते थे, लेकिन आजकल मुर्गे की बांग से लोग आपस में झगड़ पड़ते हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं,  जिनमें शिकायत (Complain) पुलिस स्टेशन तक पहुंच गई। इसे लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट के मामले भी सामने आए हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्रांस (France) एक देश ऐसा भी है जो मुर्गे की बांग को लेकर कानून (Law) ला रहा है।

फ्रांस में मुर्गों को मिलेगा चिल्लाने का अधिकार
फ्रांस में जल्दी ही मुर्गों को बांग देने का अधिकार मिल जाएगा। इसके साथ ही फ्रांस की सरकार ने साफ कहा है कि कोई मुर्गों की बांग को लेकर शिकायत नहीं कर सकता है। दरअसल, फ्रांस में मुर्गों की बांग को लेकर कई बार शिकायत किसानों के खिलाफ दर्ज कराई जा चुकी है। जिसके बाद वहां की सरकार ने इस मसले का हल निकालने का फैसला लिया है। कानून के पारित होने पर अगर कोई कंप्लेन करता है तो उसका असर नहीं होगा।

फ्रांस की सरकार मुर्गों के साथ
मुर्गों की बांग का फ्रांस के प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रॉन ने समर्थन किया था और ये मुद्दा सीनेट तक पहुंच गया है। वहीं फ्रांस के कानून मंत्री ने एक्स के माध्यम से मुर्गों के अधिकार को लेकर जानकारी देते हुए लिखा है, “मुर्गों के अधिकार के लिए लाया गया कानून किसानों के खिलाफ आने वाले कानूनी मामलों को खत्म करेगा। इसके साथ उन्होंने कहा कि किसान सिर्फ अपना काम करता है ताकि हम खाना खा सके। ये कॉमन सेंस की बात है।”  

500 से अधिक किसानों पर केस
एक रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस के अंदर तकरीबन 500 ऐसे किसान हैं। जिनपर मुर्गों के चिल्लाने, उन से होने वाली गंदगी के कारण उन्हें अपने पड़ोसियों के द्वारा दर्ज कराये गए मुकदमों का सामना करना पड़ रहा है।

जैसे ही इस कानून को पारित कर दिया जाएगा उसके बाद किसानों पर मुकदमा दर्ज करवाना आसान नहीं होगा।  

भारत में भी मुर्गे की बांग पर दर्ज हो चुकी है शिकायत
मुर्गे की बांग का मुद्दा फ्रांस में ही नहीं बल्कि भारत में भी उठ चुका है। चंडीगढ़ के सेक्टर-47 में रहने वाले रिटायर्ड मेजर ने भी मुर्गे की बांग से परेशान होकर अपने पड़ोसी के खिलाफ शिकायत की थी। उनका कहना था कि मुर्गे के चिल्लाने से उनकी नींद खुल जाती है।

वहीं साल 2019 में भी महाराष्ट्र के पुणे में एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां पर एक महिला तो पुलिस स्टेशन तक पहुंच गई थी। उनका कहना था कि मुर्गे बांग से नींद खुल जाती है। इस मसले को पुलिस ने बाद में समझा-बुझाकर खत्म करवाया था। इसके अलावा मध्य प्रदेश के शिवपुरी में पुलिस स्टेशन में एक मुर्गे के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग महिला ने की थी।