उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन का जन्मदिन आज, जानें आखिर अपना बर्थडे नहीं मानने की क्या है वजह!

    Loading

    नई दिल्ली: उत्तर कोरिया (North Korea) के तानाशाह किम जोंग उन (Kim Jong Un) का आज यानी 8 जनवरी को जन्मदिन (Birthday) है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश माने जाने वाले अमेरिका के लिए सिरदर्द बन चुके उत्तर कोरिया के लीडर किम के बारे में बताया जाता है कि, हालांकि उनके पिता और दादा के जन्मदिन पर उत्तर कोरिया में विशेष राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है लेकिन उनके बर्थडे पर कुछ ऐसा खास आयोजन नहीं होता। किम वैसे तो 10 सालों से उत्तर कोरिया के प्रमुख हैं लेकिन कभी उन्होंने सार्वजनिक तौर पर अपना जन्मदिन नहीं मनाया। 

    एक रिपोर्ट के अनुसार, किम के बर्थडे को लेकर अगर कोई इस दिन उन्हें बधाई संदेश भेजता है या फिर इस उपलक्ष्य में पार्टी आयोजित करता है तो उसे दंडित किया जाता है। कहा जाता है कि, किम आधिकारिक तौर पर इसलिए अपना बर्थडे नहीं मानते क्यूंकि इसके पीछे बड़ी वजह है। वैसे उनकी जन्मतिथि को लेकर विवाद है। 

    उत्तर कोरिया में उनकी जन्मतिथि 08 जनवरी 1982 है। लेकिन पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया के खुफिया सूत्रों का कहना है कि, उनका जन्म इसके एक साल बाद यानी 08 जनवरी 1983 को हुआ। वहीं अमेरिका के ट्रेजरी डिपार्टमेंट में किम के जन्म की तारीख 8 जनवरी 1984 है। अमेरिका को लगातार अपनी मिसाइल परीक्षण कर आंख दिखाने वाले उत्तर कोरिया के नेता को अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनको जन्मदिन की बधाई भी दी थी। 

    कहा जाता है कि, किम जोंग उन ने पिता के निधन के बाद 2011 में उत्तर कोरिया की सत्ता संभाली थी। इसके बाद अब उन्हें सत्ता पर काबिज़ हुए 11वां साल होने जा रहा है लेकिन उन्होंने कभी सार्वजनिक तौर पर अपना जन्मदिन नहीं मनाया। लेकिन आखिर क्यों किम अपना बर्थडे अपने पिता और दादा की तरह बड़े समारोह का आयोजन कर मानते, इसकी वजह उत्तर कोरिया में रही एक पत्रकार ने कुछ साल पहले बताई थी। 

    एक रिपोर्ट के अनुसार, पत्रकार का कहना था कि, उत्तर कोरिया में किम के जन्मदिन नहीं मनाने की बड़ी वजह देश का आर्थिक तौर पर खस्ता हाल होना है। अगर वो जन्मदिन मनाएंगे तो बड़े पैमाने पर इसके लिए उत्सव मनाए जाएंगे। देश शायद उतना खर्चा बर्दाश्त नहीं कर पाए। दूसरे किम आमतौर पर अपने निजी जीवन को सार्वजनिक जीवन से एकदम अलग रखते हैं। कहा ये भी जाता है कि, जनवरी में जब किम का जन्मदिन होता है उन दिनों उत्तर कोरिया का मौसम बहुत खराब रहता है। देश में तापमान -25 से लेकर -30 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच जाता होता है। ऐसे मौसम में लोगों को इकट्ठा करना भी बहुत मुश्किल हो सकती है।