मॉस्को के कंसर्ट हॉल में हुए घातक हमले से यूक्रेन का संबंध, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का दावा

Loading

मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने शनिवार को कहा कि पूरे देश में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मॉस्को के बाहरी इलाके में स्थित एक कंसर्ट हॉल पर हुए हमले (Russia Terror Attack) के तार यूक्रेन से जुड़े हैं। इस हमले में 133 लोगों की मौत हो गई। इस्लामिक स्टेट (ISIS) समूह की अफगानिस्तान शाखा ने सोशल मीडिया से संबद्ध चैनलों पर पोस्ट किए गए एक बयान में शुक्रवार के हमले की जिम्मेदारी ली है। 

एक अमेरिकी खुफिया अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि अमेरिकी एजेंसियों ने पुष्टि की है कि हमले के लिए आईएस समूह जिम्मेदार था। हालांकि, कुछ रूसी नेताओं ने हमले के तुरंत बाद यूक्रेन की ओर उंगली उठाई थी, जबकि यूक्रेन ने इन आरोपों का दृढ़ता से खंडन किया है।

पुतिन ने कहा कि हमले में सीधे तौर पर शामिल सभी चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और बताया गया है कि वे भागने के दौरान सीमा पार कर यूक्रेन में घुसने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने उस दावे के लिए कोई सबूत उपलब्ध नहीं कराया है।  पुतिन ने रविवार को राष्ट्रव्यापी शोक दिवस मनाये जाने की घोषणा की है। यह हमला रूस में काफी वर्षों में सबसे घातक था और इसने कंसर्ट हॉल को सुलगता हुआ खंडहर बना दिया।

 बर्बर आतंकवादी कृत्य 

 रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि अधिकारियों ने हमले में सीधे तौर पर शामिल चार लोगों सहित 11 लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने यह भी कहा हमलावर सीमा पारकर यूक्रेन की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। यूक्रेन ने हमले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। पुतिन ने राष्ट्र के नाम संबोधन में इस हमले को ‘‘बर्बर आतंकवादी कृत्य” करार दिया। इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब देश का यूक्रेन के साथ युद्ध तीसरे साल भी जारी है।