No-one-is-official-Congress-candidate,-everyone-is-fighting-on-their-own-Madhusudan-Mistry
Photo: ANI/ Twitter

    Loading

    नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज यानी 30 सितंबर को तीन नामांकन दाखिल हुए हैं। आज नॉमिनेशन की आखिरी तारीख थी। ऐसे में तीन ही उम्मीदवार पार्टी अध्यक्ष के लिए फिलहाल मैदान में दिखाई दे रहे हैं। इनमें पहला नाम पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर का है जबकि दूसरा नाम मल्लिकार्जुन खड़गे और तीसरा केएन त्रिपाठी का है। 

     इस दौरान कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि, मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा 14 फॉर्म, शशि थरूर द्वारा 5 और केएन त्रिपाठी द्वारा 1 फॉर्म जमा किए गए। वहीं, उन्होंने यह भी बताया कि, शनिवार को हम फॉर्मों की जांच करेंगे और कल ही शाम हम उन फॉर्मों और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करेंगे जो वैध हैं।

    इस वक्त मिस्त्री ने यह भी दावा किया है कि, कोई भी पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि इन 3 में से कोई भी पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है। वे अपने दम पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पूरी प्रक्रिया में तटस्थ रहेंगी और अगर कोई दावा करता है कि उनके पास उनका आशीर्वाद है, तो यह गलत है। 

    पता हो कि, कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को चुनाव होंगे वहीं, 19 अक्टूबर को नतीजे आने वाले है। वहीं, यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि, सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे को गांधी परिवार का समर्थन है। जबकि, शशि थरूर बार-बार इस बात की आलोचना कर रहे हैं कि खड़गे के बारे में ऐसा क्यों कहा जा रहा है।

    शशि थरूर ने कहा कि “कुछ हलकों में चर्चा है कि पार्टी नेतृत्व द्वारा समर्थित एक ‘आधिकारिक उम्मीदवार’ होगा, लेकिन इसके विपरीत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीते दो हफ्तों में मेरे साथ हुई बातचीत में बार-बार जोर देकर कहा है कि नेहरू-गांधी परिवार इन चुनावों का स्वागत करता है, वह विविध उम्मीदवारों को चुनाव लड़ते देखना चाहता है और वह न तो प्रत्यक्ष और न ही अप्रत्यक्ष रूप से किसी प्रत्याशी का समर्थन कर रहा है।” 

    थरूर ने यह भी कहा कि, ‘खड़गे साहब का बहुत सम्मान करता हूं। अगर कई लोग नामांकन दाखिल करेंगे तो अच्छी बात है और लोगों को भी विकल्प मिलेगा। मैंने किसी को नीचा दिखाने के लिए ऐसा नहीं किया है। हमें एक साथ काम करने की जरूरत है। मुझे लगता है कि वे हमारी पार्टी के भीष्म पितामह हैं।’