Stormy rains stopped the speed of the locals, fallen trees on the tracks, thatched roofs of the stations.

    Loading

    मुंबई. सोमवार को आए चक्रवाती तूफान (Tauktae Cyclone) का काफी असर मुंबई (Mumbai) एवं उपनगरों (Suburbs) के आवागमन पर पड़ा। तेज हवाओं के साथ हुई भारी बरसात (Rain) ने जहां लोकल ट्रेनों (Local Trains) की रफ़्तार पर ब्रेक (Break) लगा दिया, वहीं बस,मेट्रो टैक्सी आदि यातायात की सेवाओं पर असर रहा। 

    तूफान के साथ हुई तेज बरसात से मध्य, पश्चिम व हार्बर मार्ग की उपनगरीय सेवाएं बाधित हुई। घाटकोपर-विक्रोली के बीच डाउन स्लो लाइन पर चलती लोकल पर एक पेड़ गिर गया। ओएचई पर गिरे पेड़ की वजह से स्लो लाइन पर घंटो लोकल सेवा बंद रही। लोकल के ऊपर ओएचई पर गिरे पेड़ की वजह से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना से कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ। स्लो लाइन की ट्रेन को माटुंगा और मुलुंड स्टेशन के बीच फ़ास्ट लाइन पर डायवर्ट कर दिया गया। इसी तरह डोम्बीवली स्टेशन के पास ट्रेक पर पेड़ गिरने से लोकल सेवा प्रभावित हुई। रेलवे कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पेड़ हटाया।

    हार्बर बाधित

     तूफान के साथ हुई भारी बरसात की वजह से हार्बर लाइन की लोकल बाधित रही। कई स्थानों पर ट्रैक पर पानी भर गया। हार्बर लाइन पर ओएचई पर एक बैनर गिर जाने से इस मार्ग पर लोकल नहीं चली। मस्जिद स्टेशन के पास पानी जमा होने से सीएसएमटी- वडाला मार्ग पर लोकल दोपहर से ठप रही। मध्य रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने बताया कि लगभग 3 बजे सेवा फिर शुरू की गई। मध्य व ट्रांस हार्बर मार्ग पर लोकल सेवा शुरू रही। 

    पश्चिम रेलवे पर ओएचई को नुकसान

    सीपीआरओ सुमित ठाकुर ने बताया कि तूफान के साथ भारी बरसात के बावजूद पश्चिम रेलवे की लोकल सेवा सामान्य रूप से जारी रही। तेज तूफान से विरार स्टेशन के पास मॉल का छप्पर उड़कर स्टेशन के ओएचई पर गिर गया। अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच कर स्थिति को तत्काल संभाल लिया। ओएचई दुरूस्त कर लोकल सेवा बहाल की गई। कुछ स्थानों पर ट्रैक के किनारे छोटे पेड़ भी उखड़े। सोमवार को पश्चिम रेलवे की लोकल में भी काफी कम यात्री रहे।

    सीएसएमटी पर छप्पर उड़ा

    चक्रवाती तूफान का असर सीएसएमटी सहित अन्य स्टेशनों पर पड़ा। सीएसएमटी स्टेशन पर ऊंचाई पर लगा पारदर्शी (पत्रा) तेज हवा के चलते उखड़ गया। कुछ अन्य स्टेशनों के छप्पर को नुकसान पहुंचा है।

    यात्री कम रहे

    राज्य सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन के चलते केवल अत्यावश्यक कर्मचारियों के लिए ही लोकल, मेट्रो आदि चल रही है। वैसे रोज की अपेक्षा सोमवार को तूफान के चलते यात्री कम नजर आए। 

    मोनो रही बंद 

    चक्रवाती तूफान के चलते सोमवार को मुंबई की मोनो रेल सेवा बंद रखी गई थी। बताया गया कि यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए मोनो सेवा बंद रही, जबकि मेट्रो सेवा जारी रही। मेट्रो में भी रोज की अपेक्षा  कम लोगों ने यात्रा की। तूफान के साथ तेज बरसात का असर सड़कों पर दिखा। रिक्शा, टैक्सी सेवाएं भी मंद गति से शुरू रहीं।