Omicron in India
File Photo

    Loading

    मुंबई. देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) डेल्टा (Delta) से दुगनी गति से फैल रहा है। यह देश के कई राज्यों में एंट्री ले चूका है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह वायरस तेजी से पुरे देश को अपनी चपेट में लेगा। इसी बीच मंगलवार को महाराष्ट्र (Maharashtra) में ओमिक्रॉन के और 08 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 7 मरीज मुंबई (Mumbai) और 1 मरीज वसई-विरार (Vasai-Virar) का है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से किसी की इंटरनेशनल ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। इस बात की जानकारी राज्य स्वास्थ्य विभाग (Health Department of Maharashtra) ने दी।

    8 में से 7 ने ली है वैक्सीन

    स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, आज मिले ओमिक्रॉन के 8 मरीजों में से 3 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल है। इनकी उम्र 24 से 41 साल के बीच है। इनमें से तीन मरीज एसिम्प्टोमैटिक है। यानी इनमें कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं। जबकि पांच मरीजों में मामूली लक्षण दिखाई दे रहे हैं। सभी के सैंपल दिसंबर के पहले सप्ताह में लिए गए थे। वहीं 8 में से 7 लोगों ने वैक्सीन ली हुई है।

    कोई विदेश नहीं गया था

    राज्य में मिले 8 नए मरीजों में से एक ने भी विदेश की यात्रा नहीं की थी। बल्कि इनमें से एक ने बेंगलुरु और एक ने दिल्ली की यात्रा की थी। जबकि एक मरीज राजस्थान का निवासी है। 8 संक्रमितों में से 2 अस्पताल में और 6 होम आइसोलेशन में हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग नए संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश कर रहा है।

    सोमवार को मिले थे दो नए मामले

    इससे पहले सोमवार को राज्य में दो मामले सामने आए थे। जिसमें से एक लातूर और पुणे का मरीज था। यह दोनों दुबई से लौटे थे। जिसमें एक 33 वर्षीय पुरुष और एक 39 वर्षीय महिला शामिल है। दोनों एसिम्टोमैटिक है। इन दोनों को आइसोलेट कर दिया गया है।

    महाराष्ट्र में 28 ओमिक्रॉन केस

    ओमिक्रॉन के नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 28 हो गई है। इसमें से सबसे ज्यादा 12 मामले मुंबई में सामने आए हैं। जबकि पिंपरी चिंचवड़ में (10), पुणे शहर (2), कल्याण डोम्बिवली (1), नागपुर (1), लातूर (1) और वसई विरार में (1) केस मिला है। हालांकि, इनमें से 9 लोगों की RT-PCR रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

    देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 61 हुई 

    देश में ओमिक्रॉन अब तक कुल 8 राज्यों को अपनी चपेट में ले चूका है। देश में संक्रमितों की संख्या 61 हो गई है। जिसमें सबसे ज्यादा 28 मामले महाराष्ट्र में मिल चुके हैं। इसके अलावा राजस्थान में (17), राजधानी दिल्ली (6), गुजरात (4), कर्नाटक (3), आंध्र प्रदेश (1), चंडीगढ़ (1) और केरल में (1) ओमिक्रॉन केस मिला हैं।

    684 नए मामले, 24 मौतें

    महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के 684 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 24 मरीजों की मौत हो गई। जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 66,45,136 और मृतकों की संख्या 1,41,288 हो गई है। इसके अलावा 686 लोग कोरोना मुक्त होकर घर लौटे हैं। राज्य में अब तक 64,93,688 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। फिलहाल में राज्य में 6,481 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा हैं।

    अगर मुंबई की बात करें तो यहां 24 घंटे के भीतर कोरोना के 225 नए मामले सामने आए हैं, जबकि सिर्फ एक मरीज की मौत हुई है। इसके अलावा 24 घंटे के 206 लोग कोरोना मुक्त होकर अपने घर लौटे हैं। फिलहाल शहर में 1769 सक्रिय मरीज है और इन सभी का इलाज चल रहा है।