Aurangabad Municipal Corporation

    Loading

    औरंगाबाद : मार्च एंड करीब है, ऐसे में औरंगाबाद महानगरपालिका प्रशासन (Aurangabad Municipal Administration) की ओर से कमिश्नर डॉ. अभिजीत चौधरी (Commissioner Dr. Abhijit Chowdhary) के मार्गदर्शन में और उपायुक्त और कर निर्धारक संकलक अपर्णा थेटे के नेतृत्व में शहर के सभी 9 जोन कार्यालय अंतर्गत व्यावसायिक और निवासी बकाया संपत्ति (Property) और पेयजल आपूर्ति कर (Drinking Water Supply Tax) की वसूली (Recovery) के लिए विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम के तहत 15 फरवरी तक 100 करोड़ की राशि वसूली गई। 

    महानगरपालिका की उपायुक्त अपर्णा थेटे ने बताया कि जनवरी महीने से महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक डॉ. अभिजीत चौधरी ने बकाया करों की राशि वसूलने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए थे। उसके बाद जोन वाईज वसूली के लिए विशेष टीमों का गठन कर वसूली मुहिम शुरु की गई। वसूली मुहिम में बकायादारों के साथ महानगरपालिका प्रशासन द्वारा सख्त रवैया अपनाने के चलते बड़े पैमाने पर करों की राशि वसूलने में महानगरपालिका प्रशासन को कामयाबी मिल रही है। 

    अपर्णा थेटे ने बताया कि जोन वाईज वसूली पर जोर दिया गया। जिसके चलते प्रशासन ने 1 अप्रैल 2022 से 15 फरवरी 2023 तक 100 करोड़ की राशि वसूली है। इसमें सभी जोन निहाय बकाया संपत्ति कर के रुप में 82 करोड़ 22 रुपए की वसूली की गई। वहीं, पेयजल आपूर्ति कर की बकाया कर की राशि से 17 करोड़ 78 लाख रुपए वसूले गए। इस तरह कुल 100 करोड़ रुपए की राशि वसूली गई। बता दे कि महानगरपालिका प्रशासन द्वारा चालू आर्थिक वर्ष के लिए संपत्ति कर के 350 करोड़ और पेयजल कर के रुप में 130 करोड़ का टार्गेट दिया हुआ है। उपायुक्त थेटे ने बताया कि हम वसूली पर अधिक जोर दिए हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि मार्च एंड तक हम 150 से 175 करोड़ रुपए तक की करों की राशि वसूलने में कामयाब होंगे। 100 करोड़ की वसूली पर महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. अभिजीत चौधरी ने उपायुक्त अपर्णा थेटे, सभी जोन अधिकारी, कर्मचारियों का अभिनंदन किया है। इधर, कई बकायादारों ने प्रशासन को चेक भी थमाए है, वह सभी चेक क्लियर होने पर महानगरपालिका की तिजोरी में और अधिक राशि जमा होगी। 

    सरकारी कार्यालयों की ओर करोड़ों की बकाया राशि

    उधर, शहर में स्थित कई सरकारी कार्यालयों की ओर करोंडों रुपए की बकाया करों की राशि है। जिसमें प्रमुख रुप से औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर 4 करोड़, औरंगाबाद रेलवे स्टेशन प्रशासन की ओर 5 करोड़, सिडको की ओर 1 करोड़ के अलावा जिला परिषद और अन्य सरकारी कार्यालय की ओर भी करोड़ों रुपए की राशि बकाया होने की जानकारी महानगरपालिका सूत्रों ने दी। उधर, बुधवार को महानगरपालिका के जोन क्र. 9 के अंतर्गत रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित मस्जिद कमेटी के 8 दुकानों को बकाया करों की राशि के चलते सील किया गया। वहीं, अन्य दुकान दारों की ओर बकाया करों की 9 लाख 75 हजार की राशि वसूली गई। यह कार्रवाई जोन क्र. 9 के सहायक आयुक्त असदउल्लाह खान, कनिष्ठ अभियंता सारंग विधाते, अधीक्षक अप्पसाहाब जगदाले, दल प्रमुख मिर्जा सईद बेग, सुंदर खरात, प्रताप निंबालकर, कर्मचारी संतोष मगरे, विनोद सालवे काजी जहिर, अशोक जाधव, शहापुरवाड, सुरज गायकवाड, अमित काले ने पूरी की।