
मुंबई: कोरोना वायरस (Corona Virus) के संक्रमण से बचाव के लिए इस साल 16 जनवरी को राष्ट्रव्यापी टीकाकरण (Vaccination) अभियान शुरू होने के बाद से महाराष्ट्र (Maharashtra) तीन करोड़ कोविड-19 टीके (Covid-19 Vaccine) लगाने वाला भारत (India) का पहला राज्य बन गया है। राज्य के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) डॉ प्रदीप व्यास ने बताया कि महाराष्ट्र में गुरुवार तक टीके की 2,97,23,951 खुराकें दी गई थीं, जबकि तीन करोड़ का आंकड़ा शुक्रवार को दोपहर लगभग दो बजे तक पहुंच गया।
Maharashtra becomes first state in the country to administer 3 crore covid vaccine doses. Maharashtra crossed this milestone at 2 PM today. So far, 3,00,27,217 vaccine doses have been administered in the state: Dr Pradip Vyas, ACS Health
— ANI (@ANI) June 25, 2021
इसे मील का पत्थर बताते हुए उन्होंने कहा, “दिन के दो बजे तक राज्य में अब तक 3,00,27,217 वैक्सीन डोज दी जा चुकी हैं।” जिसके बाद महाराष्ट्र देश में तीन करोड़ कोरोना वैक्सीन लगाने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है।
महाराष्ट्र में जारी कोरोना के खिलाफ जंग में वैक्सीनेशन अभियान काफी तेज़ी से चलाया जा रहा है। देश में उठी कोरोना की दूसरी लहर के दौरान महाराष्ट्र भारत के सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्यों में से एक रहा है। ऐसे में गुरुवार को जारी कोरोना आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में कोविड-19 के 9844 नए मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 60 लाख से अधिक हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि, राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 60,07,431 हो गई है और गुरुवार को 197 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या 1,19,859 हो चुकी है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बताया कि, राज्य में कोविड-19 से ठीक होने की दर अब 95.93 फीसदी है, जबकि मृत्यु दर बढ़कर दो फीसदी हो गई है।