Karnak Bridge

    Loading

    मुंबई: सीएसएमटी और मस्जिद रेलवे लाइन के बीच बने लगभग 155 साल पुराने जर्जर कर्नाक ब्रिज (Karnak Bridge) को गिराने का काम शुरू कर दिया गया है। सन 1867 में निर्मित इस ब्रिज को वाहनों के लिए प्रतिबंधित करने का निर्णय मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने पिछले सप्ताह  लिया था। 

    उल्लेखनीय है कि कमजोर हो चुके इस आरओबी (ROB) को तत्काल हटाने की जरूरत रेलवे ने जताते हुए मुंबई पुलिस और बीएमसी (BMC) को पत्र (Letter) लिखा था। 

    30 घन्टे के ब्लॉक की जरूरत

    मध्य रेल के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने बताया कि इस पुल को पूरी तरह हटाने में 3 माह का समय लग सकता है। गुरुवार से सावधानी बरतते हुए इसका काम शुरू हो चुका है। रात में ब्रिज के नीचे से लोकल यातायात बंद होने या रविवार को मेगा ब्लॉक के समय भी कार्य किया जाएगा। इसके अलावा पूरे गर्डर को हटाने के लिए तीसरे महीने में 30 घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। उस दौरान सीएसएमटी से सभी ट्रेनें बंद करनी होंगी। क्रेन के माध्यम से स्टील स्ट्रक्चर हटाया जाएगा। 

    पहला रेलवे फ्लाईओवर

    मुंबई के पहले रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण अंग्रेजों ने वर्ष 1867 में करवाया था। कर्नाक ब्रिज को मध्य रेलवे के सबसे पुराने और ऊंचाई में सबसे छोटे फ्लाइ ब्रिज के रूप में जाना जाता है। अब इस ऐतिहासिक ब्रिज के स्थान पर नया आरओबी बनाने की योजना तैयार की गई है।