airport
File Photo

    Loading

    मुंबई: कोरोना (Corona) के चलते दो साल के लंबे अंतराल के बाद मुंबई (Mumbai) सहित देश भर के प्रमुख हवाई अड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें (International Flights) शुरू हो गई हैं। पहली अंतरराष्ट्रीय नियमित उड़ान शारजाह (Sharjah) से इंडिगो (Indigo) की 27 मार्च की मध्यरात्रि 00:17 बजे मुंबई पहुंची, जबकि पहली उड़ान 00:29 बजे फुकेत के लिए रवाना हुई। 

    मुंबई इंटरनेशन एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि शारजाह से आने वाली पहली उड़ान के यात्रियों का स्वागत किया गया। प्रवक्ता के अनुसार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा निर्धारित स्लाट के अनुसार मुंबई में हर दिन 238 वाणिज्यिक अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें संचालित होंगी। एयरपोर्ट पर पहले दिन कोविड के सभी नियमों का पालन किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि औसत के हिसाब से हर दिन 150 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हर दिन संचालित होंगी।

    5 नए गंतव्य

    मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से अब बगदाद, वारसा, मॉस्को, हेलसिंकी, हो ची मिन्ह सिटी (हनोई) जैसे 5 नए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित होंगी। कोविड के कारण न्यूयॉर्क, सियोल और ताशकंद से परिचालन बंद है। जबकि दुबई, जेद्दा, बैंकॉक और अबू धाबी से मुंबई के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सर्वोच्च वरीयता दी गई है। इन स्थानों से उड़ानों की संख्या सबसे ज्यादा है।

    वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र जरूरी

    सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को यात्रा करने के लिए केवल अपने वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र दिखाना आवश्यक होगा। जबकि दोहरे वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र के बिना उड़ान भरने के लिए कम से कम 72 घंटे पहले एक निगेटिव आरटीपीसीआर परीक्षण रिपोर्ट की आवश्यकता होगी, जबकि मुंबई से प्रस्थान करने वाले यात्रियों के लिए गंतव्य देश द्वारा निर्धारित मानदंडों का पालन करना जरूरी होगा।