
पालघर. मत्स्य पालन विभाग के कर्मियों ने पालघर जिले (Palghar district) में अवैध रूप से चल रहे मछली पालन केंद्रों (Illegal fish farming centers) पर छापेमारी की और प्रतिबंधित थाई मंगुर मछली (Thai Mangur Fish) की खेप को नष्ट कर दिया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
एक विज्ञप्ति में बताया गया कि विक्रमगढ़ तालुका के शिमपीपाड़ा और सुकसाल क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रहे मछली पालन केंद्रों पर छापेमारी की गई. विज्ञप्ति के अनुसार, थाई मंगुर मछलियों ((Thai Mangur Fish) को नष्ट कर दिया गया और कुलदीप पाटिल और अजीम खान सईद अख्तर के विरुद्ध मामले दर्ज (Case registered) किए गए.
अवैध रूप से चलाए जा रहे थे केंद्र
ठाणे-पालघर के मत्स्यपालन विभाग के सहायक आयुक्त आनंद दत्तात्रेय पालव ने कहा कि थाई मंगुर मछलियों का प्रजनन प्रतिबंधित है और यह केंद्र अवैध रूप से चलाए जा रहे थे. इस साल फरवरी में महाराष्ट्र सरकार ने थाई मंगुर मछली पालन केंद्रों को नष्ट करने का विशेष अभियान चलाया था. यह मछलियां जैव विविधता के लिए खतरनाक मानी जाती हैं. सरकार की ओर से कहा गया था कि थाई मंगुर मछलियों का प्रजनन बेहद गंदे तरीके से कराया जाता है और इन्हें खाने के बाद व्यक्ति बीमार पड़ सकता है.