Vande Bharat Superfast Train
File Pic

    Loading

    मुंबई: देश की सबसे अत्याधुनिक ट्रेन वंदे भारत (Vande Bharat ) को मुंबई (Mumbai) से सोलापुर (Solapur) रूट पर चलाने की घोषणा की गई है। उल्लेखनीय है कि इस समय देश भर में चार वंदे भारत ट्रेन चल रही है। इनमें से एक पश्चिम रेलवे के मुंबई सेन्ट्रल से अहमदाबाद के बीच चलाई जा रही है। मध्य रेलवे के मुंबई सीएसएमटी (Mumbai CSMT) से भी वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने की योजना बनाई गई है। 

    राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) ने मुंबई से सोलापुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) की घोषणा की है। इस बीच, मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुंबई से सोलापुर रूट पर वंदे भारत को चलाना तकनीकी रूप से संभव नहीं दिखाई पड़ रहा है।

    घाट सेक्शन में पुश पुल सिस्टम

    गौरतलब है कि मुम्बई से पुणे या नाशिक की तरफ जाने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में पुश एंड पुल सिस्टम से (बंकर) अतिरिक्त इंजन लगाना पड़ता है। मुम्बई-पुणे के बीच (खंडाला-लोनावाला) पश्चिमी घाट होने की वजह से ट्रेनों के आगे पीछे इंजन लगाना पड़ता है। इसी तरह उत्तरी लाइन पर कसारा से इगतपुरी तक लगभग 12 किमी का घाट पार करने ट्रेनों को पुश एंड पुल इंजन की आवश्यकता होती है। मुंबई से पुणे-नासिक की तरफ राजधानी एक्सप्रेस सहित लगभग सभी ट्रेनों को घाट सेक्शन में बंकर या पुश पुल सिस्टम से आगे-पीछे इंजन जोड़ कर पार कराया जाता है।

    वंदे भारत में इनबिल्ट इंजन

    उल्लेखनीय है कि वंदे भारत एक्सप्रेस का इंजन ट्रेन में ही दोनों तरफ इनबिल्ट है। ऐसे में पुश एंड पुल सिस्टम नहीं लगाया जा सकेगा। घाट सेक्शन में वंदेभारत को चलाना मुश्किल होगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वंदे भारत को घाट सेक्शन में चलाने के लिए तकनीकी सुधार करने होंगे। वैसे इस अत्याधुनिक ट्रेन को मुंबई-गोवा रूट पर चलाया जा सकता है। वंदे भारत तेज गति से चलने वाली हल्के वजन की अत्याधुनिक ट्रेन है। इस तरह की 100 ट्रेनें भारत के अलग अलग शहरों के बीच चलाए जाने की योजना रेल मंत्रालय ने बनाई हैं।