
मुंबई: देश की अत्याधुनिक सेमी हाई स्पीड ट्रेन ( Semi High Speed Train) वंदे भारत (Vande Bharat) मुंबई पहुंच गई है। उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी से मुंबई से शिर्डी और मुंबई-सोलापुर (Mumbai-Solapur) वंदे भारत ट्रेन को पीएम मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने की योजना बनी है।
मध्य रेलवे (Central Railway) ने इसकी जोरदार तैयारी शुरू की है। वंदे भारत का एक रेक गुरुवार की देर शाम पुणे से मुंबई पहुंच गया। शुक्रवार से इसका ट्रायल भी शुरू ही जाएगा।
6 फरवरी तक दूसरा रेक
वंदे भारत का दूसरा रेक 6 फरवरी तक मुंबई पहुंच जाएगा। दोनों ट्रेन का निर्माण चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में किया गया है। मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, एक वंदे भारत ट्रेन गुरुवार की देर रात मुंबई पहुंच गई, जबकि दूसरी ट्रेन 6 फरवरी तक आ जाएगी। मुंबई-शिर्डी सेमी हाई-स्पीड ट्रेन लगभग 340 किलोमीटर की दूरी 5.25 घंटे में तय करेगी,जबकि मुंबई -सोलापुर लगभग 455 किमी की दूरी 6.35 घंटे में तय करेगी।
Empty #VandeBharat rake from ICF arriving #Mumbai via #Bhor ghat. PC Pranit Gawand @RailMinIndia pic.twitter.com/HDYex2B67u
— Central Railway (@Central_Railway) February 2, 2023
घाट सेक्शन में पार्किंग ब्रेक
दोनों वंदे भारत ट्रेनों को देश के सबसे कठिन घाट सेक्टरों से होकर चलाया जाएगा। मुंबई-शिर्डी सेमी हाई-स्पीड ट्रेन कसारा और मुंबई-सोलापुर वंदे भारत खंडाला के भोर घाट से होकर गुजरेगी। इन घाट पर सभी ट्रेन को पीछे से धकेलने के लिए अतिरिक्त लोकोमोटिव का उपयोग किया जाता है। अधिकारियों ने इन सेमी हाई-स्पीड ट्रेन को बिना बैंकर की मदद के चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में ‘पार्किंग ब्रेक’ लगाए जाएंगे। ऐसे ब्रेक से ढलान पर ट्रेन को आगे लुढ़कने से रोका जा सकता है।