PM, Modi, Rally, Sindhudurg, Dec 4, BJP, Focus, Konkan
नवभारत ग्राफिक्स

Loading

  • कोंकण की राजनीति पर बीजेपी का फोकस
  • सिंधुदुर्ग में 4 दिसंबर को पीएम मोदी की रैली
  • छत्रपति शिवाजी के पुतले का करेंगे अनावरण

नवभारत न्यूज नेटवर्क
मुंबई: नवंबर 30 को 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) का फोकस (Focus) लोकसभा चुनाव पर होगा। महाराष्ट्र में इसकी शुरुआत नौसेना दिवस 4 दिसंबर (Dec) को सिंधुदुर्ग (Sindhudurg) जिले से होगी। प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी (Modi) सिंधुदुर्ग में एक बडी रैली (Rally) को संबोधित करेंगे, वे मालवण के राजकोट में निर्मित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।  मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को नौसेना दिवस और प्रतिमा के अनावरण की तैयारियों की समीक्षा की। मोदी की रैली के जरिए बीजेपी की योजना कोंकण (Konkan) में अपने पक्ष में माहौल बनाने की है। इससे उद्धव ठाकरे के गढ़ कोंकण पर बीजेपी का एक बड़ा राजनीतिक प्रहार माना जा रहा है। 

शिवाजी के आदर्श को जन जन तक पहुंचाना
छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 350 वर्ष पूरे हो रहे हैं। सरकार बड़े पैमाने पर इसके आयोजन की तैयारी कर रही है। सिंधुदुर्ग समुद्र किनारे राजकोट में 43 फुट ऊंची भव्य पुतले के अलावा एक आर्ट गैलरी का भी निर्माण किया गया। जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज के गौरव गाथाओं के बारे में बताया गया है। इसके जरिए हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श को जन जन तक पहुंचाना है। नौसेना दिवस पर युद्धपोतों की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 

शिवसेना के गढ़ कोंकण पर बीजेपी की नजर
उद्धव ठाकरे का गढ़ कोंकण के सिंधुदुर्ग रत्नागिरी और रायगढ़ लोकसभा सीट पर बीजेपी की नजर है। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे भी इसी इलाके से आते हैं। पिछले चुनाव में इस सीट से उद्धव ठाकरे के बेहद करीबी और पार्टी के मुखर नेता विनायक राऊत सांसद है। बीजेपी किसी भी स्थिति में इस सीट पर कब्जा चाहती है। सूत्रों के अनुसार राजनीतिक माहौल को देखते हुए आगामी चुनाव में राज्य के सार्वजनिक निर्माण कार्य मंत्री रवींद्र चव्हाण यहां से पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं। 

रायगढ़ का समीकरण बदला
उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ आने के बाद रायगढ़ सीट महायुति के हिस्से है। यहां से अजित गुट वाले राकां के प्रदेश अध्यक्ष सुनिल तटकरे सांसद है। राजनीतिक हलकों में जो चर्चा है उसके अनुसार तटकरे राकां अध्यक्ष शरद पवार के निशाने पर है। आगामी चुनाव में तटकरे के सामने महाविकास आघाडी से पूर्व सांसद अनंत गिते उम्मीदवार हो सकते हैं। गिते को तटकरे के धुर विरोधी शेतकरी कामगार पक्ष के जयंत पाटिल का भी साथ मिल रहा है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार के साथ आने के बावजूद कोंकण में उद्धव ठाकरे की शिवसेना जमीन पर मजबूत है। कोंकण शिवसेना का गढ़ है। कोंकण के बल पर शिवसेना का मुंबई में अब तक दबदबा रहा है। शिवसेना के इसी दबदबे को कमजोर करने की रणनीति पर बीजेपी काम कर रही है। प्रधानमंत्री के हाथों छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा का अनावरण भी इसी रणनीति का हिस्सा है।