arrest
File Photo

Loading

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में चार साल पहले लापता हुई एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में जावेद शेख नामक एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार लड़की मार्च 2019 में जिले के मंचर शहर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिवार की ओर से इस सिलसिले में अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था।  पिछले महीने आरोपी युवक (22) और लड़की मंचर लौट आए थे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की के रिश्तेदारों ने उसे उस कमरे से सुरक्षित निकाला जहां वह आरोपी के साथ रह रही थी।

पुलिस ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ 16 मई को लड़की के परिजनों ने उसे थाने में पेश किया। अगले दिन आरोपी जावेद शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।”

पुलिस ने जावेद शेख के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण), 376 (दुष्कर्म), 324 , 344 और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

इस बीच, भाजपा नेता और विधान परिषद के सदस्य गोपीचंद पाडलकर ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि लड़की को प्रताड़ित किया गया था। भाजपा नेता ने कहा कि लड़की को सिगरेट से दागा गया, उसे कुछ अनैतिक काम करने, मांस खाने और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने पुलिस से इस मामले की तह तक जाने का आग्रह किया।