ठाणे (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे (Thane) में कोविड-19 (Covid-19) के 267 नये मामले सामने आने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,61,128 हो गई। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि, ये नए मामले बृहस्पतिवार को सामने आए।
जिले में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया और मृतक संख्या 11,427 ही है। जिले में कोविड-19 से मृत्यु दर 2.03 प्रतिशत है। इस बीच, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पड़ोस के पालघर जिले में कोविड-19 के मामले बढ़कर 1,37,053 हो गए और मृतक संख्या 3,278 है।
वैसे महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना ग्राफ में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में 24 घंटे के भीतर कोरोना वायरस संक्रमण के 2,681 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 49 मरीजों की मौत हो गई है। जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 65,70,472 और मृतकों की संख्या 1,39,411 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटे में 2,413 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। जिसके बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। राज्य में अब तक कुल 63,94,075 लोग इस बीमारी से उबरे हैं। राज्य में आज रिकवरी रेट 97.32 और डेथ रेट 2.12 प्रतिशत दर्ज किया गया।
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)