1 माह में 5,760 किसानों को लाभ, खरीफ मौसम में 71 करोड़ का फसल कर्ज वितरित

    Loading

    वर्धा. जिले के किसान खरीफ मौसम की तैयारियों में जुट गए है़ं  ऐसे में बीज, खाद तथा अन्य खर्च के लिए किसानों को कर्ज की सख्त जरूरत रहती है़ इसे ध्यान में रखते हुए 1 अप्रैल से कर्ज वितरण का नियोजन करे बैंकों ने प्रक्रिया आरंभ कर दी है़ जिले में बीते 1 माह में करिब 5,760 किसानों को विभिन्न नेशनलाइज बैंकों की ओर से 71 करोड़ रुपए का कर्ज वितरित किये जाने की जानकारी है़ बता दें कि इस वर्ष 875 करोड़ रुपए के फसल कर्ज वितरण का लक्ष्य बैंकों को निर्धारित किया गया़ बीते कुछ वर्षों में खेती पर लागत खर्च निरंतर बढ़ते ही जा रहा है.  

    कर्ज वितरण में 30 प्रश की बढ़ोतरी की गई 

    बीज, खाद, औषधि, मजदूरी तथा अन्य खेती उपयोगी सामग्री के दाम दिन–ब-दिन बढ़ते जा रहे है़ं  वहीं प्राकृतिक आपदा व अन्य समस्याओं के चलते प्रति वर्ष किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है़  इससे किसानों को बैंक कर्ज की आवश्यकता रहती है़  परिणामवश ज्यादा से ज्यादा किसानों को कर्ज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष कर्ज वितरण में 30 प्रश की बढ़ोतरी की गई है़  इस बार मानसून समय पर आने के आसार मौसम विभाग ने जताये है़ फलस्वरुप पुन: एक बार किसान आर्थिक संकटों से जूझते हुए खरीफ मौसम की तैयारियों में जुट गया है. 

    कर्ज प्रकरण के पुनर्गठन में आ रही समस्या

    पुराने कर्ज की राशि बैंक में भरने के बाद ही नए से कर्ज दिया जा रहा है़ ऐसे में ग्रामीणों को कर्ज प्रकरण के पुनर्गठन में विभिन्न समस्याएं आ रही है़ कुछ किसानों के बैंक खाते में सरकारी अनुदान जमा होने के बाद रकम बैंकों ने काट दी थी़ इसके बाद बैंक ने लगाए ब्याज का हिसाब ध्यान में नहीं आने का कुछ किसान आरोप लगा रहे है़ साथ ही बैंक कर्मचारियों द्वारा विभिन्न कागजातों की मांग की जा रही है़  इसकी पूर्तता करने किसानों को प्रतिदिन बैंकों के चक्कर काटने पड़ रहे है.  

    4 लाख 37 हजार 221 हेक्टेयर बुआई क्षेत्र

    कृषि विभाग ने वर्ष 2022-23 के लिए खरीफ मौसम का नियोजन निर्धारित किया है़ इस बार 4 लाख 37 हजार 221 हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई की संभावना है़ इसमें कपास, सोयाबीन, ज्वार फसल का नियोजन है़ गत वर्ष 4 लाख 30 हजार 50 हेक्टेयर में बुआई का नियोजन था़  इसकी तुलना में इस बार 7 हजार 171 हेक्टेयर से बुआई क्षेत्र बढ़ा है़ वर्ष 2021-22 में खरीफ व रबी मौसम में कर्ज वितरण का 54 फीसदी लक्ष्य बैंकों ने हासिल किया है़ अनेक जटील शर्तों की वजह से बड़ी संख्या में किसान कर्ज से वंचित रह रहे है.