महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे से ‘जबरन वसूली की कोशिश’ करने वाली महिला गिरफ्तार

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे (Dhananjay Munde) पर दुष्कर्म का आरोप लगाने की धमकी देकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये वसूलने का प्रयास करने (Extortion Attempt) के लिए एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

    पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला की पहचान रेणु शर्मा (40) के रूप में हुई। रेणु की बहन करुणा शर्मा ने पिछले साल दावा किया था कि वह धनंजय मुंडे की दूसरी पत्नी है। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक मुंडे की शिकायत पर रेणु शर्मा के खिलाफ मालाबार हिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने मामले को अपने हाथ में लेते हुए बुधवार को मध्य प्रदेश के इंदौर से रेणु को गिरफ्तार किया। 

    उन्होंने कहा कि रेणु को इंदौर की एक अदालत में पेश किया गया और ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर मुंबई लाया गया। शिकायत के अनुसार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता एवं महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे को आरोपी महिला पहले से जानती है।

    रेणु शर्मा ने कथित तौर पर मुंडे से पांच करोड़ रुपये नकद और पांच करोड़ रुपये मूल्य की एक दुकान, मोबाइल फोन और अन्य महंगे उपहारों की मांग की थी। रेणु ने मांग पूरी नहीं होने पर मुंडे के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराकर उन्हें बदनाम करने की धमकी दी थी। मुंडे ने शुरू में रेणु को एक व्यक्ति के माध्यम से तीन लाख रुपये और 1.42 लाख रुपये मूल्य का एक मोबाइल फोन दिया, लेकिन जब उसकी मांगें बढ़ती गईं तो मंत्री ने पुलिस से संपर्क किया।  (एजेंसी)