Photo: Twitter
Photo: Twitter

    Loading

    कोलकाता: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) तृणमूल सरकार के खिलाफ मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने  ‘नबन्ना अभियान’ चलाया। इस दौरान कई जगह पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस (West Bengal Police) के बीच झड़प भी हुई। वहीं, कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में इस मार्च के बीच पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। यही नहीं कार्यकर्ताओं ने हावड़ा में पुलिस पर पत्थरबाजी भी की। 

    डर गई सीएम: सुकांत मजूमदार

    उल्लेखनीय है कि, राज्य की राजधानी में चल रहे राज्य सरकार के खिलाफ ‘नबन्ना चलो’ के विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने बीजेपी के प्रदेश प्रमुख सुकांत मजूमदार को हिरासत में लिया गया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि, ‘सीएम डर गई हैं, यहां जुटे लोगों की ताकत देखकर वो भाग गई हैं। आज यहां केवल 30% हैं, बाकी में से कुछ को बीते दिन ही हिरासत में लिया गया था।’

    बंगाल में जगह-जगह प्रदर्शन

    इससे पहले, आज BJP बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में सचिवालय के बाहर भी व्यापक प्रदर्शन किया। इस दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और लॉकेट चटर्जी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इस अभियान के जरिए बीजेपी द्वारा बंगाल में जगह-जगह प्रदर्शन किए गए हैं।   

     मार्च की नहीं मिली अनुमति

    बंगाल की टीएमसी सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ बीजेपी (BJP) ने ‘नबन्ना अभियान’ चलाया है। इस अभियान में शामिल होने के लिए राज्य भर से बीजेपी समर्थक मंगलवार सुबह कोलकाता और हावड़ा पहुंचना शुरू हो गए थे। पुलिस ने कई बीजेपी कार्यकर्ताओं को नबन्ना चलो अभियान में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता जाने से रोकने के लिए हिरासत में ले लिया था। गौरतलब  है कि, पश्चिम बंगाल पुलिस ने भाजपा को नबान्न चलो अभियान के लिए परमिशन नहीं दी थी, इसके बावजूद बीजेपी ने यह मार्च किया।