यूपी में भाजपा का घर-घर संपर्क अभियान शुरू

    अमेठी. भाजपा (‍BJP) का घर-घर संपर्क अभियान (Door to Door Sampark Abhiyan) जिले में बीते रविवार से शुरू हो गया है। यह जन सम्पर्क अभियान दो अक्टूबर तक जिले के सभी मंडल इकाई के प्रत्येक बूथों पर चलता रहेगा। पार्टी के पदाधिकारी घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों (Achievements) को बताएंगे। 

    इसी क्रम में भाजपा मुसाफिरखाना मंडल अध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने मंडल के अलग-अलग बूथों पर संपर्क अभियान चलाया। मंडल अध्यक्ष ने मंडल के विभिन्न बूथों पर जनसंपर्क कर यूपी सरकार के चार वर्षों में किए गए जन कल्याणकारी कार्यों का पत्रक सौंप उन्हें सरकार की मंशा से अवगत कराया। महेंद्र मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंडल के बूथों का भ्रमण कर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की उपलब्धियों,लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी। 

    सम्पर्क अभियान के दौरान मंडल अध्यक्ष ने कहा की सरकार ने गरीबों के लिए जो योजनाएं चलाई है उसका लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत नि:शुल्क गैस, विद्युत कनेक्शन, मुफ्त राशन, कोरोना टीकाकरण के अलावा आवास का भी लाभ दिया जा रहा है। इस दौरान अनिल मिश्र,राम गोपाल कौशल,जयविन्द सिंह, रघुवंश मिश्र, अंकित शुक्ला और देवनारायण यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारीगण मौजूद रहे।