CM ममता बनर्जी की PM मोदी से अपील, कहा- ‘सौरव गांगुली को ICC का चुनाव लड़ने की अनुमति दें’

    Loading

    कोलकाता/ नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) से अपील की है कि, सौरव गांगुली को आईसीसी (ICC) चुनाव लड़ने की अनुमति दी जानी चाहिए। ममता बनर्जी ने कहा कि, मैं पीएम से अनुरोध करती हूं कि ये सुनिश्चित करें कि सौरव गांगुली को आईसीसी (ICC) चुनाव लड़ने की अनुमति दी जानी चाहिए। वह एक लोकप्रिय व्यक्ति हैं, इसलिए उन्हें वंचित किया जा रहा है।

    सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि, भारत सरकार से अनुरोध है कि राजनीतिक रूप से निर्णय न लें बल्कि क्रिकेट, खेल के लिए फैसला लें। वह राजनीतिक दल के सदस्य नहीं हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में बदल दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें आईसीसी (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) में भेजने की अपील की है। 

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि, सौरव गांगुली को गलत तरीके से अध्यक्ष पद से अलग किया गया है। उन्होंने कहा कि, मैं बहुत दुखी हूं। सौरव एक बहुत लोकप्रिय व्यक्तित्व हैं। वह भारतीय टीम के कप्तान थे। उन्होंने देश को बहुत कुछ दिया है। वह न केवल बंगाल का गौरव हैं बल्कि भारत का गौरव हैं। उन्हें इस तरीके से बाहर किया जाना गलत है। 

    रोजर बिन्नी बनेंगे नए अध्यक्ष 

    मीडिया ख़बरों के मुताबिक, भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली बोर्ड के प्रमुख के रूप में बने रहना चाहते थे, लेकिन कथित तौर पर उन्हें अन्य सदस्यों से समर्थन नहीं मिला। उनकी जगह रोजर बिन्नी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष होंगे। पता हो कि, सौरव गांगुली 2019 में बीसीसीआई अध्यक्ष बने थे। वहीं, 18 अक्टूबर को उनकी जगह रोजर बिन्नी लेंगे।