west-bengal

Loading

नई दिल्ली/कोलकाता. अब से कुछ देर पहले आज यानी शनिवार को पश्चिम बंगाल (West Bengal) में पंचायत चुनाव (Panchayat Election 2023) के लिए 22 जिलों की 64,874 ग्राम पंचायत सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। आज मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा।

जानकारी दें कि, पश्चिम बंगाल में ग्राम पंचायत की कुल 73,887 सीटें हैं, जिनमें से 9,013 सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया था।वहीं इन निर्विरोध चुने जाने वाले उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 8,874 तृणमूल कांग्रेस से निर्वाचित हुए हैं। वहीं, BJP के 63 उम्मीदवार, कांग्रेस के 40 और CPM के 36 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे।

जानकारी दें कि, साल 2018 के पंचायत चुनावों के आंकड़ों के अनुसार 58,692 में से 20,078 यानी 34.2% सीटों पर फैसला तब निर्विरोध रहा था। इनमें से करीब सभी सीटें TMC ने जीती थीं।

वहीं बीते कुछ समय से राज्य में और आज भी यानी मतदान के दिन, हिंसा रुक नहीं रही है। आज यानी शनिवार तड़के मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज इलाके में TMC और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झड़प हुई। लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला संभाल लिया। देखा जाए तो पंचायत चुनाव के लिए नामांकन शुरू होने के बाद, यानी बीते 9 जून के बाद से अब तक यहां हुई हिंसक घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

सुरक्षा की बात करें तो अब मतदान के दौरान राज्य चुनाव आयोग ने, राज्य पुलिस के साथ प्रत्येक बूथ पर कम से कम 4 केंद्रीय जवानों के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। जहां प्रति मतदान केंद्र 7-8 बूथ हो सकते हैं। केंद्रीय बल के समन्वयक ने कहा कि, जवानों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बल का कम से कम आधा हिस्सा बूथ के पीछे रखा जाए।

वहीं उम्मीदवारों की बात की जाए तो राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, सबसे ज्यादा TMC के 61,591 उम्मीदवारों ने पर्चा इस बार भरा है, जो करीब 97% है। यहां दूसरे नंबर पर BJP है, जिसने 60% सीटों पर 38,475 उम्मीदवार उतारे हैं। CPIM ने 56% सीटों पर (35,411) प्रत्याशी उतारे हैं। हालांकि, ग्राम पंचायत में प्रत्याशियों के मामले में इस बार कांग्रेस निर्दलीय उम्मीदवारों से भी पीछे रह गई है। जहां 16,335 निर्दलीय ने नामांकन भरा है, वहीँ कांग्रेस की तरफ से सिर्फ 11,774 नामांकन ही दाखिल बताए जा रहे हैं।