BJP MLA Ram Lallu Vaish's son shoots tribal man in MP, hospitalized
Photo: X/@ramlalluvaishya

Loading

सिंगरौली: मध्यप्रदेश (MP News) के सिंगरौली जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक के बेटे ने मामूली विवाद पर 34 साल के एक आदिवासी व्यक्ति को कथित तौर पर गोली मारकर घायल कर दिया। आरोपी एक अन्य मामले में फिलहाल जमानत पर है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे हुई। मोरबा पुलिस थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि घटना के बाद 40 वर्षीय विवेकानंद वैश्य (Vivekananda Vaish) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सिंगरौली विधानसभा सीट के भाजपा विधायक राम लल्लू वैश्य (Ram Lallu Vaish) का बेटा है।

परिहार ने बताया कि शुरूआत में आरोपी विवेकानंद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (भादंसं) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 (प्रतिबंधित हथियार रखना या ले जाना) और 27 (हथियार रखना) के तहत मोरबा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जांच के बाद आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के साथ भादंसं की धारा 34 (सामान्य इरादा), 294 (अश्लील शब्द और कृत्य), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) की और धाराएं भी जोड़ी गईं।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवेकानंद फिलहाल एक अन्य मामले में जमानत पर बाहर है, जिसमें उसने पिछले साल जुलाई में एक वन रक्षक के साथ मारपीट की थी और उस पर गोली चला दी थी। (एजेंसी)