Mohan Yadav, Narendra Modi, MP Cabinet

Loading

भोपाल. मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार (MP Cabinet Expansion) सोमवार को होगा। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि कल दोपहर 3:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Mohan Yadav) दो दिन से दिल्ली में है, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की और मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया।

सूत्रों ने बताया कि सीएम यादव आज ही भोपाल के लिए रवाना होंगे और कल सुबह राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मिलेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में ही हो सकता है।

इन नेताओं को मिल सकता है मंत्री पद

मोहन यादव मंत्रीमंडल में जातिगत समीकरणों को साधते हुए कई नए चेहरे को मौका दिया जा सकता है। इसमें कई वरिष्ठ विधायकों को और युवाओं को भी जगह मिल सकती है। माना जा रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय, रीति पाठक, प्रहलाद सिंह पटेल को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। जबकि, ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी नेताओं प्रद्युमन सिंह तोमर, एंदलसिंह कसाना, प्रभु राम चौधरी को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

वहीं शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री रहे हरदीप डांग, तुलसी सिलावट को भी मंत्रिमंडल में रखा जा सकता है। मंत्रिमंडल में दलित और ओबीसी चेहरों को भी शामिल करने की उम्मीद है। पार्टी नारायण सिंह पवार, अरुण भीमावद, राजेश सोनकर, आशीष शर्मा, विजय शाह और अर्चना चिटनीस को भी मंत्री पद दे सकती है।

13 दिसंबर को मुख्यमंत्री बने यादव

गौरतलब है कि डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके अलावा जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे।

विदित हो कि भाजपा ने एक बार फिर मध्य प्रदेश विधानसभा में बड़ी जीत दर्ज कर सरकार बरकरार रखी। भाजपा ने राज्य की 230 सीटों में से 163 सीटें जीती। यहां इस बार कांग्रेस सिर्फ 66 सीटों पर सिमट कर रह गई।