nana patole
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले (फाइल फोटो)

    Loading

    मुंबई: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने मकर संक्रांति (Makar Sankranti) के मौके पर एक बड़े फैसले का ऐलान किया। इसके तहत प्रत्येक जिला कांग्रेस कमेटी में एक महिला कार्यकारी अध्यक्ष को नियुक्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी (Congress Party) ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है और उन्हें समान अवसर दिए हैं। इसके तहत प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और राज्यपाल के महत्वपूर्ण पदों पर महिलाओं को अवसर दिए गए हैं। ऐसे में इसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुए राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए प्रत्येक जिला कांग्रेस कमेटी में एक महिला कार्यकारी अध्यक्ष को नियुक्त करने का फैसला लिया गया है। 

    पटोले ने कहा कि इससे पहले कांग्रेस सरकार ने स्थानीय निकाय चुनावों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का क्रांतिकारी निर्णय लिया था। 

    वहीँ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने का अहम् फैसला लिया है और इसे लागू करना भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने “मैं एक लड़की हूं, मैं लड़ सकती हूं” की घोषणा करके महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। हम इसी मुहिम को महाराष्ट्र में भी आगे बढ़ाना चाहते हैं।