Milind Deora Supporter Join Shivsena

Loading

नवभारत न्यूज नेटवर्क
मुंबई: बीजेपी, शिवसेना (शिंदे) और राकां (अजित) के वार से बेजार हुई कांग्रेस को अब उसके पूर्व मंत्री मिलिंद देवड़ा (Milind Deora) ने फिर बड़ा झटका दिया है। शिवसेना (शिंदे) नेता मिलिंद देवड़ा पर विश्वास जताते हुए कांग्रेस नगरसेविका (Congress Corporator) सुषमा विनोद शेखर, शहाना रिजवान खान और राबिया शेख अपने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ वर्षा निवास पर शिवसेना (Shiv Sena) पार्टी में शामिल (Join) हो गईं। 
इस मौके पर सीएम शिंदे ने कहा कि आज शिवसेना के पास 53 नगरसेवक हो गए हैं और हर दिन कई लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। आज जो नगरसेवक शिवसेना में शामिल हुए हैं, वे अपने विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। बस उन्हें अब तक वो मौका नहीं मिला। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि उन्होंने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, वह सार्थक होगा। मैं तीनों नगरसेविका बहनों का भी शिवसेना पार्टी में स्वागत करता हूं। 
सफाईकर्मी असली हीरो
इस दौरान मेघवाल समाज के अध्यक्ष रवि धारिया, किशोर कुमार और पदाधिकारी विनोद मकवाना तथा सातारा जिले के जावली तालुका में शिवसेना (उद्धव गुट) के तालुका प्रमुख कुलदीप तरडे भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ शिवसेना (शिंदे) में शामिल हुए। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जन कल्याण और विकास कार्यों से प्रभावित इन सभी लोगों का मुख्यमंत्री ने खुले दिल से स्वागत किया। सीएम शिंदे ने आगे कहा कि मेघवाल समाज और हमारा रिश्ता बहुत पुराना है। इस समाज के सफाई कर्मियों ने कुछ दिन पहले हमारी सरकार द्वारा मुंबई में शुरू की गई डीप क्लीन ड्राइव में उत्साहपूर्वक भाग लिया था। डीप क्लीन ड्राइव से प्रदूषण भी कम हुआ है। वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। ये सफाईकर्मी ही मुंबई के असली हीरो है। मैं इनका पार्टी में हार्दिक स्वागत करता हूं। 
 
गड्ढा मुक्त मुंबई
उन्होंने कहा कि मुंबई को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए कंक्रीट की सड़कें बनाई जा रही हैं। लगातार बारिश से जलभराव की समस्या नहीं होगी। कोस्टल रोड बन रहा है, जहां रेस कोर्स है, वहां हम 120 एकड़ क्षेत्र में सेंट्रल पार्क पार्क बना रहे हैं। सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि आम जनता के पैसे की बर्बादी न हो। मुंबई एक अंतरराष्ट्रीय शहर है और हमारा मिशन मुंबई को स्वच्छ, सुंदर, ग्रीन मुंबई बनाना है।