नगर रोड़ के पैदल यात्री पुल पर चलेगा हाथौडा? मनपा की लापरवाही से 6 करोड़ का होगा नुकसान

Loading

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे (Pune) में नगर रोड़ (Nagar Road) के ट्रैफिक जाम की समस्या को हल करने के लिए 2014 में विश्रांतवाड़ी चौक (vishrantwadi) पर पैदल यात्री पुल (Foot Over Bridge) का निर्माण किया गया था। लेकिन वर्तमान में नगर रोड़ पर यातायात और भीड की समस्या ने गंभीर रुप धारण किया है। इसलिए अब नगर रोड फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेटर प्रस्तावित है। हालांकि महापालिका प्रशासन (Pune Municipal Corporation) को अब संबंधित पैदल यात्री पुल प्रस्तावित फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेटर के निर्माण में बाधा बनता दिखाई दे रहा है, इसलिए पैदलयात्री पुल हटाने का निर्णय लिया है। पुल बनाने में लगा 6 करोड रुपयों का खर्च बर्बाद होने वाला है। 

नगर रोड़ पर ट्रैफिक की समस्या गंभीर हो गयी है। इस मार्ग पर मेट्रो का काम और बीआरटी मार्ग के कारण ट्रैफिक जाम हो रहा है, ऐसा आरोप स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने लगाया है।  इसलिए नगर रोड़ की ट्रैफिक समस्या को हल करने के लिए विभिन्न उपाय करने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत सडक पर फ्लाईओवर और लेवल सेपरेटर बनाने की योजना है। इस कार्य के लिए अगले कुछ दिनों में टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।


 
मनपा के विभागों में समन्वय की कमी
मनपा के ट्रैफिक प्लानिंग विभाग ने दावा किया है कि प्रस्तावित फ्लाईओवर और लेवल सेपरेटर से ट्रैफिक जाम 80 फीसदी तक कम हो जाएगा। विश्रांतवाड़ी चौक हमेशा वाहनों के कारण व्यस्त रहता है। आलंदी, पुणे हवाई अड्डा, धानोरी से सड़कें इस चौराहे पर मिलती हैं। इसलिए सड़क पार करना पैदल यात्रियों के लिए खतरनाक था। इसलिए 2014 में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए 6 करोड 38 लाख रुपये की लागत से पैदल यात्री पुल का निर्माण किया गया था। लेकिन अब इस रोड पर नए फ्लाईओवर और सेपरेटर के निर्माण में यह पूल बाधा डाल रहा है। इसलिए इसे तोडने का विचार शुरु हुआ है। इसके कारण मनपा के दो विभागों की समन्वय की कमी उजागर हुई है। साथ ही पैदल यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पडेगा।