
अंबरनाथ: सत्ताधारी पार्टी, सत्ता में रहते हुए जब काम नहीं करती है तब उसकी पराजय निश्चित होती है, किसी भी चुनाव में विपक्षी पार्टी की कभी जीत नहीं होती है, सत्ताधारी पार्टी अपने कामों की वजह से हारती है। तब विपक्षी दल को जीतने का अवसर मिलता है। कर्नाटक (Karnataka) की हार स्वभाव और व्यवहार की हार है। यह इस सोच की हार है कि हमें कोई झुका नहीं सकता, इस फैसले से जो सीख मिलती है वह यह है कि लोगों को कभी किसी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। कर्नाटक के चुनाव नतीजों को लेकर राज ठाकरे ऊक्त राय व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो अभियान (Bharat Jodo Abhiyan) का नतीजा है कर्नाटक के चुनाव परिणाम।
रविवार को मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे अंबरनाथ, बदलापुर व उसके बाद उल्हासनगर के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित बैठको में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अपने पदाधिकारियों से चर्चा की और पार्टी संगठन को लेकर कुछ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी। इस मौके पर अंबरनाथ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज ठाकरे ने अपने ठाकरे अंदाज में कई राजनीतिक दलों को खिंचाई की। क्या कर्नाटक का परिणाम राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का परिणाम है? इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जितने भी चैनल और उनके मालिक राहुल गांधी पर दबाव बनाने की कोशिश कर चुके हैं, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का नतीजा दिख रहा है। पार्टी पदाधिकारियों के बीच मतभेद होने के मुद्दे पर राज ठाकरे गंभीर दिखे, उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी कार्यकर्ता की महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए मैने पार्टी नहीं बनाई है। इस मौके पर मनसे विधायक राजू पाटिल, जिलाध्यक्ष अविनाश जाधव, शैलेश शिर्के, कुणाल भोईर, संदीप लकड़े व स्वप्निल बागुल सहित कई लोग मौजूद रहे।
बदलापुर कार्यकारिणी बर्खास्त
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने अंबरनाथ के बाद बदलापुर का दौरा किया और वहां पदाधिकारियों से वह रु-ब-रु हुए। उसके बाद उन्होंने पूरी शहर कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा कर दी। उन्होंने विधायक राजू पाटिल और जिलाध्यक्ष अविनाश जाधव को दस दिनों के भीतर बदलापुर की नई कार्यकारिणी बनाने का भी आदेश दिया।
उल्हासनगर की कार्यकारिणी भी बर्खास्त
वहीं, राज ठाकरे उल्हासनगर स्थित टाउन हॉल पहुंचे व संगठन के पदाधिकारियों से पार्टी की शहर में स्थिति और संगठन के काम को लेकर आधा घंटे चर्चा की। विधायक राजू पाटिल, अविनाश जाधव के अलावा सचिन कदम, बंडू देशमुख, मैनुद्दीन शेख, कल्पेश माने, मनोज शेलार आदि के अलावा बड़ी संख्या में मनसे कार्यकर्ता उपस्थित थे। स्थानीय पत्रकारों से वह सिर्फ 5 मिनट मिले। राज ठाकरे ने पत्रकार परिषद में ही बदलापुर की तरह उल्हासनगर की कार्यकारिणी बर्खास्त कर दी।