Ulhasnagar Municipal Corporation

    Loading

    उल्हासनगर : महानगरपालिका (Municipal Corporation) क्षेत्र के नागरिकों को सस्ती परिवहन सेवा (Transport Service) उपलब्ध हो इस लक्ष्य को लेकर महानगरपालिका की परिवहन समिति के माध्यम से जल्द ही शहर में बस सेवा शरू होने जा रही है। उल्हासनगर के अलावा कल्याण, अंबरनाथ और बदलापुर (Kalyan, Ambernath and Badlapur) के लोग भी इसका लाभ ले सकेंगे।

    महानगरपालिका परिवहन सेवा समिति ने हाल ही में एक निजी कंपनी से अनुबंध किया है। उक्त कंपनी के प्रस्ताव को महासभा की भी अंतिम मंजूरी मिल गई है।  इससे अब शहर की सड़कों पर महानगरपालिका परिवहन समिति की 20 इलेक्ट्रिक बसे दौड़ेगी। समिति संबंधित ठेकेदार को प्रति किलोमीटर के हिसाब से अदा करेगी। आगामी 3 महीने में सभी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और इसके तत्काल बाद शहर में 30  सीट की 10 और 40 सीट की भी 10 इस प्रकार प्रथम चरण में कुल 20 बसे नागरिकों की परिवहन सुविधा का  हिस्सा बनेगी। गौरतलब है कि महानगरपालिका ने वर्ष 2012 में परिवहन सेवा शुरू की थी जो लगभग 2 साल चली लेकिन डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि के चलते निरंतर घाटे के कारण यह सेवा  ठेकेदार को मजबूरी वश बंद करनी पड़ी थी। 

    प्रस्तावित रुट 

    कल्याण रेलवे स्टेशन पश्चिम विभाग से उल्हासनगर  कैंप 1, 2, 3, 4, 5 से होकर अंबरनाथ रेलवे स्टेशन के बीच 12 फेरी,  बदलापूर  रेलवे स्टेशन से  कल्याण रेलवे स्टेशन के बीच 12 फेरी। अंबरनाथ और कैंप क्रमांक 5 के मध्य स्थित प्राचीन शिवमंदिर से वीटीसी मैदान,  श्रीराम टॉकीज, विठ्ठलवाड़ी, तीसगांव मार्ग से होते हुए कल्याण स्टेशन के बीच 12 फेरी, कैंप 1 से शिवमंदिर उल्हासनगर कैंप 5  के बीच 16 फेरी, कैंप  1 से शिवमंदिर कैंप 14 फेरी,  अंबरनाथ स्थित शिवमंदिर से उल्हासनगर रेलवे स्टेशन गाऊन बाजार मार्ग के बीच 40 फेरी, कल्याण रेलवे स्टेशन से अंबरनाथ रेलवे स्टेशन शांतीनगर होकर  30 फेरी,  शिवमंदिर से कल्याण रेलवे स्टेशन से उल्हासनगर चोपड़ा कोर्ट 12 फेरी, शिवमंदिर से उल्हासनगर रेलवे स्टेशन नेताजी चौक मार्ग होकर 40 फेरी,  शिवमंदिर से आवतराम चौक उल्हासनगर उड़ान पूल 30 फेरी।  

    पार्टी के प्रमुखों, महानगरपालिका के जनप्रतिनिधियों और अधिकारी वर्ग के संयुक्त प्रयास के कारण लगभग 8 साल बाद महानगरपालिका के माध्यम से हम शहर वासियों को बस सेवा देने जा रहे है। मुझे उम्मीद है कि शहर वासी कम पैसों में परिवहन सेवा लाभ लेंगे।

    - दिनेश लहरानी, सभापति, परिवहन सेवा समिति, उल्हासनगर महानगरपालिका

    शहर में बड़े पैमाने पर छोटे बड़े कारखाने है इस सेवा का लाभ इन कारखानों में काम करने वाले हजारों कामगारों को मिलेगा और बस सेवा का रूट संपूर्ण शहर में होने के कारण अब लोगों के पैसों के साथ परिवहन सेवा के शुरू होने से नागरिकों का समय भी बचेगा।

    - दीपक छतलानी, कार्याध्यक्ष, उल्हासनगर ट्रेड एसोसिएशन