Mahesh Joshi and Congress
राजस्थान कैबिनेट मंत्री महेश जोशी

Loading

नई दिल्ली/जयपुर. सत्तारूढ़ कांग्रेस (Congress) ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 (Rajasthan Assembly Election 2023) के लिए शनिवार को 22 उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कैबिनेट मंत्री महेश जोशी (Mahesh Joshi) का टिकट काटा है। उनकी जगह आर आर तिवारी हवा महल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार होंगे। वह पार्टी की जयपुर शहर इकाई के अध्यक्ष हैं।

कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल का नाम गायब

वहीं, उम्मदवारों की लिस्ट में कैबिनेट मंत्री शांति धारीवाल का नाम भी नहीं है। उनके टिकट को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले धारीवाल और जोशी वे दो प्रमुख नेता हैं, जिन्हें 2022 में कांग्रेस विधायक दल की बैठक से अलग एक समानांतर बैठक बुलाने का जिम्मेदार माना जाता है। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने इसे अनुशासनहीनता बताया था।

कांग्रेस ने RLD के लिए छोड़ी एक सीट

कांग्रेस ने अभिमन्यु पूनिया को संगरिया विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया है। वहीं, जोधपुर की सूरसागर विधानसभा सीट से शहजाद खान छंगनी को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने भरतपुर विधानसभा सीट राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के लिए छोड़ दी है। पार्टी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 178 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

25 नवंबर को मतदान

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में 200 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होनी है। राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई है। यहां कांग्रेस और भाजपा बारी-बारी से सत्ता में आती है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 100 सीटें और भाजपा ने 73 सीटें जीती थी। जबकि बसपा ने 6 सीटें हासिल की थी। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 3 सीटें मिलीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) को 2-2 सीटें मिलीं। 2018 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) सिर्फ एक सीट हासिल करने में सफल रही, जबकि 13 स्वतंत्र उम्मीदवार थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)