
कल्वर सिटी (अमेरिका): सैन फ्रांसिस्को (San Francisco) पुलिस ने एशियाई मूल (Asian) की 94 वर्षीय महिला (Elderly Woman) पर चाकू से हमला (Knife Attack) करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सैन फ्रांसिस्को पुलिस विभाग ने एक बयान में बताया कि महिला पर हमले की जानकारी मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे जहां उन्हें महिला घायल अवस्था में मिली, उन पर चाकू से कई बार वार किया गया था। महिला को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल के नजदीक से ही एक चाकू मिला है। आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी तस्वीरें सभी पुलिस अधिकारियों को दी गई। इसके करीब दो घंटे बाद अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर हत्या की कोशिश, बुजुर्ग के साथ दुर्व्यवहार, जमानत पर रहते हुए अपराध को अंजाम देने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। जांचकर्ता हमले के पीछे के कारण का पता लगा रहे हैं।
दक्षिण कैलिफोर्निया के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि वह एक अन्य एशियाई-अमेरिकी महिला पर हमले की जांच संभावित नस्ली घृणा से प्रेरित अपराध के तौर पर कर रहे हैं। एक व्यक्ति ने सोमवार देर रात करीब एक बजे महिला पर कल्वर सिटी में हमला किया था। वहां लगे सुरक्षा कैमरे में यह घटना कैद हो गई थी। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
कल्वर सिटी पुलिस विभाग ने बताया कि आरोपी ने महिला से सिगरेट मांगी थी, जिस पर महिला ने उससे कहा कि उसके पास सिगरेट नहीं है और वहां से जाने लगी। तभी आरोपी ने उसका पीछा किया कुछ नस्ली टिप्पणियां की और फिर उस पर हमला कर दिया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसके दाहिने कान पर गंभीर चोट आई है।