-ओमप्रकाश मिश्र
रांची: भाजपा (BJP) की राष्ट्रीय मंत्री सह रांची (Ranchi)की मेयर डॉ. आशा लकड़ा ( Mayor Dr. Asha Lakra) ने रांची जिले के चान्हो प्रखंड में एक 15 वर्षीय नाबालिग के साथ किए गए सामूहिक दुष्कर्म (Gang Rape) की निंदा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) राज्य में कैसी शासन व्यवस्था चला रहे हैं, जिस राज्य में घर की बेटियों की आबरु लूट रही हो और राज्य का मुखिया ही खामोशी से तमाशा देख रहा हो, तो आने वाले भविष्य की वीभत्स तस्वीर की कल्पना की जा सकती है।
मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। इससे यह स्पष्ट हो चुका है कि राज्य सरकार अपनी निरंकुशता की ओर बढ़ रही है। राज्य में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। क्या राज्य की मां-बेटी और बहनों ने इसी दिन को देखने के लिए हेमंत सोरेन की ताजपोशी की थी। हेमंत सोरेन की सरकार को इसका जवाब देना होगा।
पुलिस कर रही मामला दबाने की कोशिश
उन्होंने कहा कि जिस नाबालिग के साथ यह घटना घटी, वह सेना में भर्ती होने की तैयारी कर थी। सुबह 5:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेना में भर्ती होने के लिए दौड़ की प्रैक्टिस कर रही थी। यदि हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग अलर्ट होती तो अपराधी इस प्रकार का कृत्य करने का दुस्साहस नहीं करते। अपराधियों को गिरफ्तार करने के नाम पर पुलिस इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन इस बात की क्या गारंटी है कि कल सुबह इस प्रकार की कोई घटना नहीं होगी।