प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
दमोह में प्रधानमंत्री मोदी ( फोटो क्रेडिट- @bhargav_gopal)

Loading

दमोह: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पाकिस्तान का नाम लिए बिना उस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो देश आतंक की आपूर्ति करता था वह इन दिनों आटे के लिए संघर्ष कर रहा है। मध्य प्रदेश के दमोह में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि भारत कभी अपने अधिकांश हथियार विदेशों से खरीदता था, लेकिन अब वह अन्य देशों को उच्च तकनीक वाले हथियार निर्यात कर रहा है। उन्होंने फिलीपींस को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल निर्यात करने का उल्लेख किया। दुनिया में मौजूदा स्थिति का हवाला देते हुए, उन्होंने केंद्र में एक मजबूत और स्थिर सरकार की वकालत की।

मोदी ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, दुनिया में कई देश हैं जिनकी हालत खराब हो गई है। कई दिवालिया हो रहे हैं। यहां तक कि हमारा एक पड़ोसी देश, जो आतंकवाद का आपूर्तिकर्ता था, अब आटा की आपूर्ति के लिए संघर्ष कर रहा है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांत के साथ काम करती है और कभी भी किसी के दबाव में नहीं आती या किसी के सामने नहीं झुकती। फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव के कारण रूस से तेल खरीदने के भारत के कदम का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, देश के लोगों को सस्ता तेल और किसानों को पर्याप्त उर्वरक मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए हमने राष्ट्रहित में यह निर्णय लिया है।

भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना

मोदी ने कहा, हमने पिछले 10 वर्षों में देखा है कि एक स्थिर सरकार लोगों के हित में कैसे काम करती है। कोविड-19 संकट के दौरान, दुनिया भर में अराजकता थी, लेकिन एक मजबूत भाजपा सरकार दुनिया भर से अपने नागरिकों को वापस ले आई। भाजपा के स्टार प्रचारक मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि देश को एक बड़ी वैश्विक शक्ति बनाने के लिए अगले पांच साल महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में युद्ध के बादल मंडरा रहे हैं, तब एक ऐसी सरकार की ज़रूरत है जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो गया है और वह इस साल दूसरे देशों को 21,000 करोड़ रुपये के हथियार निर्यात करने की तैयारी में है।

मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि जब वह यहां भाषण दे रहे हैं, तब भारत फिलीपींस को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की आपूर्ति कर रहा है। प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर देश के रक्षा क्षेत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि जब रक्षा बलों के लिए हथियारों की खरीद की बात आती है तब भी वे अपने निहित स्वार्थ से चलते हैं। उन्होंने भारतीय वायु सेना के लिए फ्रांस निर्मित राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद में बाधाएं पैदा करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि अगर विपक्षी दल सत्ता में होता तो तेजस विमान आसमान में नहीं उड़ पाते।

मोदी ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि 70 साल से अधिक उम्र के प्रत्येक व्यक्ति को केंद्र की आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाया जाएगा, जिससे उनके लिए पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उसने लगभग 80 करोड़ लाभार्थियों के लिए मुफ्त राशन योजना को पांच साल के लिए बढ़ा दिया है।

मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर में 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार करने के लिए राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी की प्रशंसा की और इस कार्यक्रम का बहिष्कार करने के लिए विपक्ष की आलोचना की। भाजपा ने दमोह लोकसभा सीट से राहुल लोधी और खजुराहो सीट से प्रदेश पार्टी अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को मैदान में चुनाव मैदान में उतारा है। इन दोनों सीट पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा। (भाषा)