इस दिन शुरू हो रहा है ‘खरमास’, ‘ये’ काम कर लें इससे पहले, वरना करना पड़ेगा 16 जनवरी तक इंतज़ार

Loading

सीमा कुमारी

नवभारत डिजिटल टीम: सनातन धर्म में खरमास (Kharmas 2023) को शुभ काल नहीं माना जाता है। दिसंबर से खरमास शुरू होने जा रहा है। ऐसे में बस एक दिन ही शेष रह गया है। यानी, साल 2023, 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2024 तक खरमास रहेगा। 16 जनवरी 2024 को मकर संक्रांति के दिन खरमास का समापन होगा। सनातन धर्म में खरमास को शुभ नहीं माना जाता है। इसलिए, खरमास के दौरान कोई भी शुभ और मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। आइए जानें खरमास शुरू होने से पहले कौन से कार्य कर लेने चाहिए। साथ ही खरमास में कुछ नियमों का पालन जरूर करना चाहिए।

ज्योतिषियों के अनुसार, विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश, गृह निर्माण, देवी-देवताओं की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा से लेकर उपनयन संस्कार जैसे शुभ कार्य खरमास शुरू होने से पहले ही कर लेने चाहिए, नहीं तो आपको इन कामों के लिए एक महीने का इंतजार करना पड़ेगा। खरमास के दिनों में इन कार्यों को करना शुभ नहीं माना जाता है।

ऐसा माना जाता है कि जब सूर्य देव बृहस्पति के घर पहुंचते हैं, तो ऐसी स्थिति में सूर्य की चमक पृथ्वी तक कम पहुंच पाती है। इसलिए किसी भी शुभ कार्य को करना अच्छा नहीं माना जाता है और शुभ कार्य वर्जित हो जाते हैं। इस बार खरमास करीब 1 महीने का होगा।

ज्योतिष-शास्त्र के मुताबिक, खरमास में प्रतिदिन तुलसी पूजा जरूर करनी चाहिए। साथ ही इस महीने में सूर्योदय से पहले उठकर, तांबे के लोटे से सूर्य देव को अर्घ्य दें। खरमास में भगवान सूर्य और बृहस्पति के मंत्रों का जाप करने से भी शुभ फलों की प्राप्ति होती है। खरमास में भगवान विष्णु की पूजा करने से भी साधक को आशीर्वाद मिलता है।