Nitin Gadkari With Family Cast Vote
नितिन गडकरी अपने परिवार के साथ (फोटो: पीटीआई)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में महाराष्ट्र की पांच सीटों पर शुक्रवार को शाम 5 बजे तक 54.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

Loading

नागपुर. लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के पहले चरण में महाराष्ट्र की पांच सीटों पर शुक्रवार को मतदान समाप्त हो गया है। राज्य में शाम 5 बजे तक 55.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। राज्य में जिन पांच में मतदान हुआ उसमें नागपुर, रामटेक (एससी), भंडारा-गोंदिया, चंद्रपुर और नक्सल प्रभावित गडचिरोली-चिमूर (एसटी) लोकसभा क्षेत्र शामिल है।

चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक गडचिरोली-चिमूर में सबसे ज्यादा 64.95 प्रतिशत, भंडारा-गोंदिया में 56.87 प्रतिशत, चंद्रपुर में 55.11 प्रतिशत, रामटेक में 52.38 प्रतिशत और नागपुर में 47.91 प्रतिशत मतदान हुआ है।

Voting Turnout

महाराष्ट्र की पांच लोकसभा सीटों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कुल 97 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई। नागपुर में नितिन गडकरी का मुकाबला कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे से है। वोटरों की माने तो यहां दोनों नेताओं के समर्थन में अच्छे खासे वोट पड़े हैं। वोटरों का कहना है कि नागपुर से नितिन गडकरी जीतेंगे लेकिन उनका वोट मार्जिन कम रहेगा।

वहीं, कुछ वोटों का कहना है कि नितिन गडकरी प्रचार नहीं करने वाले थे लेकिन उन्हें डर था कि इस बार उन्हें विकास ठाकरे अच्छी टक्कर देंगे। इसलिए उन्होंने प्रचार किया। वोटरों का यह भी मानना है कि इस बार गडकरी अपनी सीट बचाने में नाकाम रहेंगे।

नागपुर में सबसे कम वोटिंग
नागपुर में निर्वाचन क्षेत्र में 22,18,259 मतदाता हैं। इनमें 11,10,840 पुरुष, 11,07,197 महिलाएं और 222 ट्रांसजेंडर वोटर शामिल हैं। नागपुर में इस बार 50 प्रतिशत से भी कम मतदान हुआ है। इससे पहले 2019 के चुनाव में नागपुर में 54.74% मतदान हुआ था। इस चुनाव नितिन गडकरी ने 6,60,221 वोट हासिल करते कांग्रेस के नाना पटोले को 2,16,009 वोटों के अंतर से हराया था। पटोले को 4,44,212 वोट मिले थे।

रामटेक में भी मतदान में गिरावट
रामटेक लोकसभा क्षेत्र में इस बार 52.38 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां इस बार एकनाथ शिंदे गुट के राजू पारवे और कांग्रेस के श्याम बर्वे के बीच सीधा मुकाबला है। 2019 में 62.12% मतदान हुआ था। इस दौरान अविभाजित शिवसेना उम्मीदवार कृपाल तुमाने ने 5,97,126 वोट हासिल करते हुए 1,26,783 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। कृपाल बालाजी तुमाने ने कांग्रेस के किशोर गजभिए को हराया था, जिन्हें 4,70,343 वोट मिले।

चंद्रपुर में भी कम हुआ मतदान
चंद्रपुर में भाजपा उम्मीदवार और महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा धानोरकर से है, जो दिवंगत सांसद सुरेश धानोरकर की पत्नी हैं। सुरेश धानोरकर 2019 लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र से निर्वाचित हुए एकमेव कांग्रेस सांसद थे। चंद्रपुर में 18,36,314 मतदाता हैं, जिनमें 9,45,026 पुरुष और 8,91,240 महिलाएं शामिल हैं। 2019 में इस निर्वाचन क्षेत्र में 64.65% मतदान हुआ था। सुरेश धानोरकर ने भाजपा के हंसराज अहीर को 44,763 वोटों से हराया था। उन्हें 5,59,507 वोट मिले थे। जबकि, अहीर को 5,14,744 वोट मिले थे।

गडचिरोली-चिमूर में सबसे ज्यादा मतदान
गडचिरोली-चिमूर में भाजपा के दो बार के लोकसभा सांसद अशोक नेते का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. नामदेव किरसन से था। इस क्षेत्र में 16,12,930 मतदाता है, जिनमें 8,11,836 पुरुष और 8,01,082 महिलाएं और 12 ट्रांसजेंडर शामिल है। इस निर्वाचन क्षेत्र में वर्ष 2019 में 71.98% मतदान हुआ। भाजपा उम्मीदवार अशोक नेते ने 5,19,968 वोट हासिल करते हुए 77,526 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। नेते ने कांग्रेस के डॉ. नामदेव दल्लूजी उसेंडी को हराया था, जिन्हें 4,42,442 वोट मिले थे।

भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र में इस चुनाव में भंडारा-गोंदिया में 56.87 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां भाजपा के सुनील मेंढे और कांग्रेस के डॉ. प्रशांत पडोले से हैं। 2019 में यहां 68.27% मतदान हुआ था। सुनील मेंढे ने 6,50,243 वोट हासिल करते हुए 1,97,394 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। मेंढे ने एनसीपी के नाना पंचबुधे को हराया था, जिन्हें 4,52,849 वोट मिले थे।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 43 अन्य लोकसभा सीटों पर इस महीने के अंत में और मई में चार और चरणों में मतदान होगा।