डिंपल को लेकर पिता धर्मेंद्र से भिड़ गए थे सनी देओल, पद्मिनी कोल्हापुरे हुईं थीं निराश!

Loading

नवभारत मनोरंजन डेस्क: सनी देओल वैसे तो अक्सर अपने पिता धर्मेंद्र को लेकर काफी इमोशनल दिखते रहे हैं। कई मौकों पर उन्होंने धर्मेंद्र को लेकर अपने इमोशन को खुलकर जाहिर भी किया है। लेकिन एक ऐसा भी वक़्त था जब सनी डिंपल कपाड़िया को लेकर धर्मेंद्र से बगावत पर भी उतारू हो गए थे।

एक्टर ने निर्देशक को किया मजबूर

साल 1985 में एक बार सनी ने फिल्म ‘अर्जुन’ में धर्मेंद्र द्वारा कास्ट की गई पद्मिनी कोल्हापुरे को निकाल कर उनकी जगह डिंपल को फिल्म में लाने के लिए निर्देशक राहुल रवैल को मजबूर कर दिया था। ये वाकया करीब 38 साल पुराना है। 1985 में राहुल रवैल फिल्म ‘अर्जुन’ की कास्टिंग कर रहे थे। सनी देओल को लीड रोल के लिए चुना गया था। धर्मेंद्र की सलाह पर निर्देशक ने पद्मिनी कोल्हापुरे को सनी के अपोजिट कास्ट कर लिया।

बाप-बेटे के बीच बिगड़ी बात

इस कास्टिंग के बारे में जब सनी देओल को पता चला तो वो पद्मिनी की जगह डिंपल कपाड़िया को लाने की जिद्द करने लगे। सनी और धर्मेंद्र की जिद्द को देखते हुए राहुल रवैल को समझ में ही नहीं आ रहा था कि किसकी बात मानें! हालांकि इस मामले में बाप-बेटे के बीच कुछ हद तक तो बात बिगड़ ही गई थी।

पद्मिनी ने सनी देओल के साथ कभी नहीं किया काम

बाप-बेटे के बीच इस अनबन की खबर जब पद्मिनी कोल्हापुरे के कानों तक पहुंची तो उन्होंने अपने आपको खुद ही इस फिल्म से अलग कर लिया। इस तरह धर्मेंद्र और सनी आमने-सामने आने से बच गए। उस फिल्म के बाद पद्मिनी ने फिर कभी सनी देओल के साथ काम नहीं करने का फैसला किया। यही एकमात्र कारण था कि 80 के दशक में बॉलीवुड के चमकते सितारे होने के बावजूद सनी देओल और पद्मिनी कोल्हापुरे ने कभी स्क्रीन साझा नहीं किया।

डिंपल और सनी देओल के अफेयर ने पकड़ा जोर 

आपको बता दें कि सनी देओल की डेब्यू फिल्म ‘बेताब’ के बाद से उनकी फिल्में लगातार फ्लॉप हो रही थीं। ‘बेताब’ के करीब दो साल बाद फिल्म ‘अर्जुन’ रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म में सनी देओल और डिंपल कपाड़िया के रोमांस ने खूब सुर्खियां बटोरीं। यहीं से डिंपल और सनी देओल के अफेयर की खबरों ने जोर पकड़ लिया था।