
नवी मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) देश का एक विकसित राज्य है। इस राज्य में उद्योग लगाने के लिए राज्य सरकार विशेष तौर से कार्य कर रही है। राज्य में उद्योग के लिए आवश्यक ढांचागत सुविधाएं, रियायतें और कुशल जनशक्ति यहां व्यापक रूप से उपलब्ध हैं। मैत्री के तहत सिंगल विंडो योजना (Single Window Scheme) के माध्यम से उद्योगों को सभी लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। इसलिए महाराष्ट्र निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बन गया है। यह बात राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने कही।
नवी मुंबई के दिघा में सैंडोज इंडिया की परियोजना की नई इकाई का शिलान्यास करने के उपरांत मुख्यमंत्री शिंदे उपस्थितों से समक्ष उक्त विचार व्यक्त किए। इस मौके पर उक्त कंपनी के ग्लोबल सीईओ रिचर्ड सनोर, कंपनी के समूह के प्रमुख कार्लो, अनुसंधान विभाग की प्रमुख क्लेयर, यूनिट प्रमुख सुधीर भंडारे, बालासाहेब की शिवसेना के नवी मुंबई जिला प्रमुख विजय चौगुले, नवी मुंबई पुलिस कमिश्नर मिलिंद भारंबे आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा उक्त कंपनी के परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
जनता, उद्योग, विकास की सरकार
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि हमारी सरकार जनता, उद्योग, विकास की सरकार है। राज्य में उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। महाराष्ट्र में निवेश और उद्योग लगाने वालों को राज्य सरकार के माध्यम से हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर यह भी कहा कि जेनेरिक दवा निर्माण में वैश्विक अग्रणी सैंडोज ने महाराष्ट्र में अपनी परियोजना में और अधिक निवेश करने का फैसला किया है, जो महाराष्ट्र की उद्योग क्षमता को दर्शाता है।
महाराष्ट्र हे प्रगत राज्य असून इथे उद्योगस्नेही शासन कार्यरत आहे.उद्योगासाठी लागणाऱ्या पायाभूत सुविधा, सवलती व कुशल मनुष्यबळ येथे मोठ्या प्रमाणात उपलब्ध आहे.मैत्री अंतर्गत एक खिडकी योजनेतून उद्योगांना सर्व परवाने देण्यात येत आहेत.त्यामुळे महाराष्ट्र गुंतवणुकदारांचे आवडते ठिकाण. pic.twitter.com/0Hc3MVV7lG
— Eknath Shinde – एकनाथ शिंदे (@mieknathshinde) February 1, 2023
एक साल में प्लांट को शुरू करने का लक्ष्य
सैंडोज इंडिया एक फार्मास्यूटिकल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। जो दिघा में बनने वाले अपने उक्त प्लांट के लिए करीब 250 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इस प्लांट में जेनरिक दवाएं तैयार की जाएगी। इसमें करीब 500 से 600 नए रोजगार सृजित होंगे। कंपनी के अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि इस प्लांट को एक साल के अंदर शुरू कर दिया जाएगा।