CM Yogi visited Ramlala

Loading

  • गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने की तुलसी पीठाधीश्वर श्रीरामभद्राचार्य से मुलाकात
  • सीएम ने जाना हालचाल, अंगवस्त्र ओढ़ाकर श्रीरामभद्राचार्य को किया सम्मानित 
  • सीएम योगी ने किए रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन 
  • 11 दिन में मुख्यमंत्री ने रामनगरी का किया तीसरा दौरा

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्रीरामभद्राचार्य से भी मुलाकात की। पद्म पुरस्कार से सम्मानित श्रीरामभद्राचार्य के 75वें जन्मदिवस पर अयोध्या के काशीराम कॉलोनी के पास अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह आयोजन 14 जनवरी से शुरू हुआ है, जो 22 जनवरी तक निरंतर चलेगा। आयोजन के छठवें दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां पहुंचे। आयोजन स्थल पर चल रही 1008 कुंडीय हनुमन महायज्ञ में शामिल हुए। योगी आदित्यनाथ ने आहुति देकर सुखी स्वस्थ व समृद्ध उत्तर प्रदेश की कामना की।  

जगद्गुरु श्रीरामभद्राचार्य का जाना हाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले जगदगुरु श्रीरामभद्राचार्य के पास पहुंचे। अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। यहां सीएम ने श्रीरामभद्राचार्य का हालचाल भी जाना। आयोजन स्थल पर सीएम को देख उपस्थित श्रद्धालुओं व आगंतुकों ने अपने मोबाइल में फोटो व वीडियो बनाया। सभी सीएम की एक झलक पाने को बेताब दिखे। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन किया। 

सीएम योगी ने प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दर्शन-पूजन के उपरांत राम मंदिर भी पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद शुक्रवार को पूजन में भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने यहां दिव्य-भव्य मंदिर का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। यहां विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश से व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली। फिर विहिप, ट्रस्ट के साथ ही स्थानीय प्रशासन-पुलिस के अफसरों को चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था रखने का निर्देश दिया।

सीएम योगी का किया गया भव्य स्वागत
अमृत महोत्सव पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी भव्य स्वागत किया गया। यहां विटेंज कार में बैठकर सीएम योगी आदित्यनाथ कथा स्थल के अंदर पहुंचे। इस दौरान श्रीरामभद्राचार्य जी के उत्तराधिकारी रामचंद्र दास, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्यप्रताप शाही, जयवीर सिंह, विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान आदि अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन किए। संकट मोचन हनुमान के दर्शन कर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुखी-स्वस्थ उत्तर प्रदेश की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रामलला के दर्शन, आरती व परिक्रमा की। महज तीन बाद रामलला अपने भव्य-दिव्य मंदिर में विराजमान होंगे। ऐसे में सीएम ने यहां की सभी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।  

शुक्रवार सुबह रामनगरी पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। 11 दिन के भीतर (9 जनवरी, 14 जनवरी और 19 जनवरी) सीएम का रामनगरी का यह तीसरा दौरा है। मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों से प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़ी तैयारियों के संदर्भ में भी जानकारी ली। 

रामलला के चरणों में लगाई हाजिरी 
हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला के दर्शन-पूजन किए। यहां उन्होंने संतों-महंतों से भी हालचाल जाना। यहां ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़ी जानकारी दी। दर्शन-पूजन के दौरान काबीना व प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, डॉ. अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव आदि मौजूद रहे।