मुंबई. मुंबई (Mumbai) सहित राज्य में कोरोना (Corona) के बढ़ते आंकड़े चिंता का विषय बन गए हैं। सोमवार को राज्य में प्रति मिनट 22 और मुंबई में औसतन 4 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। जबकि राज्य में 102 मौत (Deaths) दर्ज की गई, जिसमें से 12 मौत मुंबई में हुई है। सोमवार को राज्य में 31,643 नए कोरोना संक्रमित रोगी (New Corona Infected Patients) मिले, जबकि मुंबई में 5888 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ मुंबई में कुल कोरोना ग्रसितों का आंकड़ा 4 लाख के आंकड़े को पार चुका है।
बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य के कई जिलों में लॉकडाउन और नाईट कर्फ्यू लगा दिया गया है। राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 3,36,584 तक पहुंच गई है, जिसमें से 47,453 एक्टिव मरीज मुंबई में हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि होली के बाद मरीजों की संख्या में और भी इजाफा होने के आसार नजर आ रहे हैं। कोरोना को कंट्रोल करने में करीब एक से डेढ़ महीना चले जाएगा। वो तब मुमकिन है जब लोग नियमों का पालन करेंगे।
मनपा ने मंगवाए रेमडीसीवीर के 2 लाख डोज़
मुंबई में उठी कोरोना के दूसरी लहर से निपटने और गंभीर रोगियों की जान बचाने के लिए मनपा ने रेमडीसीवीर इंजेक्शन की 2 लाख डोज़ मंगावाया है। कोरोना मरीजों को ठीक करने वाली दवाइयों का स्टॉक अप टू डेट करने में मनपा जुट गई है। मनपा के पास पहले से 70000 डोज़ है और हाल ही में उन्हें 40000 डोज़ मिले हैं आने वाले दो दिनों में 30000 डोज़ और मिलने वाले हैं।
हर घंटे 5 मौत
राज्य में पिछले 5 दिनों में 599 मौत दर्ज की गई है। अगर आंकड़ों का आंकलन करे तो हर घंटे औसतन 5 लोगों की मौत कोरोना के कारण हुई है। लगातार 5 दिनों रोजना 100 से अधिक लोग राज्य में वायरस से संक्रमित होने के बाद दम तोड़ रहे हैं।
मुंबई के आंकड़े
- कुल टेस्ट- 4017316
- कुल पॉजिटिव केस- 404562
- कुल मौत- 11661
- कुल ठीक हुए- 344496
- डबलिंग रेट- 53 दिन
- चाल/ स्लम सील- 64
- इमारतें सील- 578
राज्य के आंकड़े
- कुल टेस्ट- 1,94,95,189
- कुल पॉजिटिव केस- 27,45,518
- कुल मौत-54283
- कुल ठीक हुए- 23,53,307
11 हजार ने लिया टीका, 19 केंद्र रहे बंद
उधर, मुंबई में रंगपंचमी के दिन केवल 11229 लाभार्थियों का टीकाकरण हुआ है। त्योहार को देखते हुए 19 अस्पतालों में टीकाकरण कार्य सोमवार को बंद रहा है। इसी के साथ मुंबई में शुरुआत से लेकर अब तक 1098081 का टीकाकरण हुआ है। इसमें से 60 वर्ष से अधिक 522531, 241498 फ्रंटलाइन, 241032 हेल्थ केयर वर्कर्स और 45 वर्ष से अधिक उम्र के 93020 रोगियों का टीकाकरण किया गया है। अब तक कोविशील्ड का 1015028 पहला और दूसरा डोज़ दिया गया है, जबकि 83053 को कोवैक्सीन का पहला और दूसरा डोज़ दिया गया है। सोमवार को मुंबई के 18 प्राइवेट टीकाकरण केंद्र और एक मनपा का टीकाकरण केंद्र बंद थे।